बोर्ड परीक्षा की तैयारियों में लगा डीआईओएस कार्यालय। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। संसाधनों के अभाव सहित अन्य कारणों के चलते माध्यमिक शिक्षा परिषद ने जिले के 25 परीक्षा केंद्रों पर कैंची चला दी। अब सिर्फ 133 परीक्षा केंद्रों पर बोर्ड परीक्षा होगी। परिषद की ओर से वेबसाइट पर सूची भी जारी कर दी है।
माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा परीक्षा वर्ष 2021 के लिए परीक्षा केंद्रों की जारी अनंतिम सूची में जिले के 158 विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया था। इसके बाद आपत्तियां मांगीं गईं थीं। आपत्तियों के निस्तारण के लिए जिले के आला अधिकारियों द्वारा निरीक्षण करने के बाद निर्धारित प्रारूप पर आख्या भी दी गई।
परिषद को भी आख्या भेज दी गई जिसके बाद परिषद द्वारा जो अंतिम सूची जारी की गई है उसमें पूर्व में घोषित 25 परीक्षा केंद्रों को हटा दिया गया है। अब सूची में सिर्फ 133 परीक्षा केंद्र रखे गए हैं। जिला विद्यालय निरीक्षक वीके दुबे ने बताया कि पहले बोर्ड द्वारा 158 परीक्षा केंद्रों की सूची जारी की गई थी जिस पर आपत्तियां मांगी गईं थीं। आपत्तियों का निस्तारण जिला समिति द्वारा किया गया, जिसकी सूचना परिषद की साइड पर अपलोड की गई थी।
95 हजार 610 परीक्षार्थी देंगे परीक्षा
जिले में हाईस्कूल और इंटर की परीक्षा के लिए लगभग 95 हजार 610 छात्र-छात्राओं ने पंजीकरण कराया है। उन्होंने बताया कि इंटर में 41 हजार 984 एवं हाईस्कूल में 53 हजार 626 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे।
नकल विहीन होगी परीक्षा
डीआईओएस वीके दुबे ने बताया कि पिछली बार की तरह ही इस बार भी जिले में नकल विहीन परीक्षा कराई जाएगी। इसको लेकर अभी से शासन स्तर से लेकर जिला प्रशासन तक योजना बनाई जाने लगी है।
जानकारी देते जिला विद्यालय निरीक्षक वीके दुबे। संवाद- फोटो : HARDOI