फोटो 27: नगर के भुड़िया मार्ग का बरसात में यह है हाल। संवाद
शाहाबाद। नगर के दिलेरगंज वार्ड का भुड़िया मार्ग गांवों के रास्तों से भी बदतर हो गया है। हर घर जल योजना में भूमिगत पाइपलाइन के लिए खोदी गई नाली की मिट्टी बरसात में दलदली हो गई है। इससे लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
नगर में हर घर जल योजना में जल निगम की तरफ से पाइपलाइन बिछाने के बाद मिट्टी को सड़क पर छोड़ देने से पूरी सड़क पर फिसलन दुर्घटना का कारण बनती जा रही है। मिट्टी से बारिश में पूरी सड़क पर कीचड़ फैल गया है। इससे इस मार्ग पर राहगीरों और वाहन चालकों का आवागमन दूभर हो गया है।
मोहल्ले के डॉ. मुरारीलाल गुप्ता, अमित गुप्ता ने बताया कि पाइपलाइन बिछाने के बाद सड़क पर मिट्टी फैला देने से हादसों की आशंका बढ़ गई है। फिसलन की वजह से कई लोग घायल हो गए हैं। जल निगम ने पाइपलाइन डालने के लिए तीन दिन पहले सड़क खोदी थी। कार्य पूरा होने के बाद निकली मिट्टी को सड़क से हटाया नहीं गया और न ही सड़क को समतल कराया गया। बारिश के कारण पूरी सड़क दलदल में तब्दील हो गई है। हालत यह है कि इस मार्ग पर पैदल निकलना भी मुश्किल हो गया है। दिलेरगंज के सभासद प्रतिनिधि रचित गुप्ता ने कार्यदायी संस्था से सड़क की मिट्टी हटवाने और आवागमन सुचारु कराने की मांग की।
-
सफाई कार्य शुरू कराया जा रहा है। इसके अलावा जल निगम से गिट्टी डालने को कह दिया गया है। जल्द ही समस्या का समाधान करा दिया जाएगा। -सुशील कुमार कुशवाहा, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका शाहाबाद