हरदोई। बारिश के बाद नवीन गल्ला मंडी में कई स्थानों पर जल भराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। मंगलवार के अंक में अमर उजाला ने इसे प्रमुखता से प्रकाशित किया। खबर प्रकाशित होते ही मंडी सचिव ने पंपसेट से भरा पानी निकलवाया और पूरी मंडी परिसर में नालों का निरीक्षण किया। तमाम नाले चोक मिले, जिन्हें उन्होंने साफ कराने के निर्देश दिए हैं।
रविवार से सोमवार सुबह तक शहर में करीब 16 मिमी बारिश हुई थी। बारिश के कारण कई स्थानों पर जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली थी। शहर में जलभराव के साथ ही नवीन गल्ला मंडी में भी कई स्थानों पर पानी भर गया था। पानी भरने से गल्ला मंडी में आवागमन दिक्कत तो हो रही थी, साथ ही अनाज भी भीग रहा था।
नवीन गल्ला मंडी में जलभराव की समस्या को लेकर मंगलवार के अमर उजाला अंक में खबर का प्रकाशन किया गया। खबर को संज्ञान में लेते हुए मंगलवार को मंडी सचिव ज्योति जौहरी ने पूरे मंडी परिसर का निरीक्षण किया और जिन स्थानों पर पानी भरा हुआ है वहां पंपसेट लगाकर पानी निकलवाया। इसके अलावा पूरे मंडी के सभी नालों का निरीक्षण खुद जाकर कराया। मंडी परिसर के लगभग सभी नाले चोक मिले। मंडी से बाहर पानी निकालने वाला नाला भी चोक मिला। संबंधित ठेकेदार को उन्होंने सफाई कराने के निर्देश दिए।