मल्लावां। नशे में दोस्त से झगड़ा करने लखनऊ जाने के लिए निकले बाइक सवार युवक को किसी वाहन ने टक्कर मार दी। शुक्रवार रात बिल्हौर-कटरा मार्ग पर हुए हादसे में युवक की मौत हो गई।
माधौगंज थाना क्षेत्र के गौरा निवासी सूरज (30) लखनऊ में रहकर मजदूरी करता था। शुक्रवार की सुबह वह एक साथी के साथ गांव आया था। दिन भर दोनों घर में रुके। सूरज के पिता छोटे भइया के मुताबिक शुक्रवार की देर शाम सूरज की नशे में दोस्त से कहासुनी हो गई।
इसके बाद उसका दोस्त घर से चला गया। देर रात सूरज भी दोस्त से झगड़ा करने की बात कहकर बाइक से लखनऊ निकल गया। रात में करीब 11 बजे कटरा-बिल्हौर मार्ग पर मल्लावां कोतवाली क्षेत्र में गुलबहा गांव के पास किसी वाहन ने उसे टक्कर मार दी।
पुलिस ने उसे सीएचसी मल्लावां पहुंचाया। यहां ड्यूटी पर तैनात डॉ. दिव्यांशू वाजपेयी ने उसे मृत घोषित कर दिया। पिता ने बताया कि पुत्री होने के कुछ दिन बाद ही पत्नी उसे छोड़कर चली गई थी।