हरदोई। नाना-नानी के साथ बीते शुक्रवार को लालपालपुर में बस से उतरते समय बच्ची घायल हो गई। लापरवाही से बस चलाने को लेकर आसपास के लोगों ने चालक की पिटाई कर दी। इस संबंध में वीडियो वायरल हुआ। वीडियो का संज्ञान लेकर पुलिस ने बस को सीज कर दिया है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के लालपालपुर निवासी वेदराम यादव शुक्रवार को किसी काम से शहर आए थे। उनके साथ उनकी पत्नी गोमती व नौ वर्षीय नातिन आशी भी आईं थीं। काम निपटाकर तीनों निजी बस से घर जा रहे थे।
लालपालपुर चौराहा पर बस रुकी और तीनों उतरने लगे। जब आशी उतर रही थी तभी चालक ने बस आगे बढ़ा दी। इससे बच्ची नीचे गिर गई। उसको गंभीर चोटें आईं। वहां मौजूद आसपास के लोगों ने बस चालक ज्ञानेंद्र कुमार की पिटाई कर दी।
जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इस वीडियो की संवाद न्यूज एजेंसी पुष्टि नहीं करती है। वीडियो का संज्ञान लेकर पुलिस ने निजी बस को सीज कर दिया है। सीओ अंकित मिश्रा ने बताया कि चालक के साथ मारपीट की जांच की जा रही है। पीड़ित से तहरीर लेकर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।