हरदोई। रिमझिम बारिश का दौर बृहस्पतिवार को भी जारी रहा। दोपहर होते ही शुरू हुई बारिश देर शाम तक लगातार जारी रही। इससे आवागमन में लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। दिन भर बारिश होने के कारण अधिकतम पारे में कमी दर्ज की गई। वहीं ठंड ने भी अपना असर दिखाया। मौसम विभाग ने दिन भी 13.4 मिमी बारिश होने का अनुमान जतााया है।
मोंथा तूफान का असर जिले में भी दिखाई दे रहा है। तूफान की वजह से ही जिले में रिमझिम बारिश का दौर बीते सोमवार की दोपहर से चल रहा है। हालांकि बुधवार को दिन भर तो बारिश नहीं हुई थी, लेकिन देर रात को बारिश शुरू हो गई थी। रात भर बारिश जारी रही और भोर के बाद दोपहर के बाद एक बार फिर से झड़ी लग गई। रिमझिम बारिश देर शाम तक होती रही। ऐसे में आने जाने वाले लोगों को छाता लगाकर निकलना पड़ा। बाइक सवारों को भीगते हुए एक स्थान से दूसरे स्थान तक आते जाते देखा गया। दिन भर बारिश के कारण तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई। मौसम वेधशाला प्रेक्षक आरसी वर्मा ने बताया कि अधिकतम तापमान साढ़े तीन डिग्री गिर कर 24.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। जबकि बादलाें की वजह से न्यूनतम तापमान में बढ़ोत्तरी होकर 20.5 डिग्री हो गया है। बारिश 13.4 मिमी दर्ज की गई और आर्द्रता सुबह 85 प्रतिशत और शाम को 98 प्रतिशत रही। हवाओं की गति चार किमी प्रति घंटा रही।
मंडी में भीग रही धान की उपज
हरदोई। बारिश का दौर बीते सोमवार को शुरू हो गया था। सोमवार को बारिश का इतना अंदेशा नहीं था, लेकिन इसके बाद से बारिश के आसार लगातार बने हुए हैं। इसके बावजूद नवीन गल्ला मंडी में धान की उपज को बारिश से बचाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए जा रहे हैं। मंडी के जिम्मेदारों से पूछा गया तो उन्होंने अनाज व्यापारियों का होने की बात कहकर पल्ला झाड़ लिया, लेकिन हकीकत तो यह है कि किसानोंं की मेहनत से उगा अनाज बारिश में भीग कर खराब हो रहा है।