हरदोई। नगर पालिका के मोहल्ला ऊंचा थोक और मछली मंडी के आसपास के बाशिंदों के लिए राहत भरी खबर है।
लंबे समय से पेयजल समस्या से जूझ रहे इन इलाकाें के लोगों की परेशानी अगले कुछ माह में दूर हो जाएगी। हरदोई पुनर्गठन पेयजल योजना के तहत अमृत-2 में इन इलाकों में चार नए नलकूप, दो पानी की टंकियों का निर्माण कराया जाएगा। लगभग 38 किलोमीटर लंबी पानी की पाइपलाइन डाली जाएगी। उक्त कार्याें पर 42 करोड़ 30 लाख रुपये खर्च होंगे। तकरीबन साढ़े सात हजार परिवारों को मिलेगा लाभ।
हरदोई नगर के कुछ इलाकों में पेयजल की समस्या रहती है। कभी पानी की आपूर्ति नहीं होती तो कभी बालू वाला या पीला पानी आने लगता है। स्थानीय बाशिंदे क्षेत्रीय सभासद के जरिए इस मामले को आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल और नगर पालिका अध्यक्ष सुख सागर मिश्र मधुर तक पहुंचाते रहे हैं। इसी बीच अमृत-2 के तहत सामुदायिक सहभागिता कार्यक्रम की शुरूआत हुई। इस कार्यक्रम के तहत जनता की जरूरत के आधार पर बातचीत करने के बाद परियोजना तैयार की जाती है और इसे शासन में मंजूरी के लिए भेजा जाता है।
बीते दिनों इसी के तहत ऊंचा थोक में वाजपेयी चौराहे के पास क्षेत्रीय सभासद अमित त्रिवेदी रानू और नगर पालिका अध्यक्ष सुख सागर मिश्र मधुर की मौजूदगी में बैठक हुई थी। इसी क्रम में शासन ने जोन-9 के अंतर्गत आने वाली ऊंचा थोक में एक पानी की टंकी और दो नलकूप बनवाने का प्रस्ताव मंजूर किया है। इसी तरह जोन-6 में आने वाले मछली मंडी और इसके आसपास के इलाके में भी दो ट्यूबवेल और एक पानी की टंकी का निर्माण कराने का प्रस्ताव भी मंजूर किया है। पूरी परियोजना पर 42 करोड़ रुपये से अधिक खर्च होंगे और लगभग साढ़े सात हजार परिवार लाभांवित होंगे।
सभासद अमित त्रिवेदी रानू ने पेयजल परियोजना की मंजूरी पर आबकारी मंत्री नितिन अग्रवाल और नगर पालिका अध्यक्ष सुख सागर मिश्र का आभार जताया। अमित त्रिवेदी ने बताया कि लंबे समय से अमर उजाला इस मामले को प्रमुखता से प्रकाशित करता आ रहा है। सभासद ने भी इस मामले को हर मंच पर उठाया और अब आखिरकार बात सुनी गई है। थोड़ा समय जरूर लगेगा, लेकिन पेयजल समस्या का स्थाई समाधान हो जाएगा।
जल निगम (नगरीय) के अधिशासी अभियंता मनोज कुमार सिंह ने बताया कि शासन ने परियोजना मंजूर कर ली है। जल्द ही निविदा प्रक्रिया पूरी कर कार्य शुरू करा दिया जाएगा। उक्त परियोजना से साढ़े सात हजार से अधिक लोगों की पेयजल समस्या स्थाई रूप से दूर हो जाएगी।