हरपालपुर (हरदोई)। थाना क्षेत्र के हरिपलापुर गांव में छह दिन पूर्व विवाहिता की संदिग्ध हालात में हुई मौत के मामले में मृतका के पिता ने ससुरालियों पर दहेज के लिए पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने सात ससुरालियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
कन्नौज जिले के मितौली गांव निवासी चंद्र प्रकाश ने बताया कि उसने बेटी रुचि (30) की शादी छह साल पहले हरपालपुर थाना क्षेत्र के ग्राम हरिपलापुर निवासी सौरभ दुबे के साथ की थी।
शादी के बाद से ही ससुराली दहेज में एक लाख रुपये, बाइक और सोने की चेन की मांग कर बेटी को परेशान करने लगे। 27 अप्रैल को उन्होंने सूचना दी कि रुचि ने फांसी लगा जान देने का प्रयास किया और उसे गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वह और परिजन जिला अस्पताल पहुंचे।
चंद्र प्रकाश ने बताया कि 30 अप्रैल को बेटी की मौत हो गई। पिता चंद्र प्रकाश ने सास मंजू, सुरेश, गौरव, देवरानी रोहिणी, देवर रम्मू, ननद अनुपम व नंदोई शिवकांत निवासी ग्राम श्यामपुर पर पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। प्रभारी निरीक्षक भगवान चंद्र वर्मा ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।