शाहाबाद। पिहानी के रूपपुरवा गांव की महिला ने बेटी के ससुरालियों पर दहेज के लिए हत्या करने का आरोप लगाया है। उसके प्रार्थना पत्र पर कोर्ट ने रिपोर्ट दर्ज किए जाने का आदेश दिया है। पुलिस ने शुक्रवार को पति समेत छह आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पिहानी के रूपपुरवा गांव की सावित्री पत्नी रावेंद्र ने कोर्ट में दिए गए प्रार्थना पत्र में बताया कि उसने बेटी मुस्कान की शादी जून 2017 में शाहाबाद के ग्राम बरोनिया निवासी अवनीश पुत्र रामपाल के साथ की थी। शादी के छह माह बाद से ही ससुराली दहेज में बाइक, सोने की जंजीर और पचास हजार रुपये की मांग कर उसकी बेटी को परेशान करने लगे।
बताया कि सितंबर में आरोपियों ने उसकी बेटी के साथ मारपीट की, जिससे उसके गर्भ में पल रहे पांच माह के बच्चे की मौत हो गई। गर्भस्थ शिशु की मौत के बाद उसकी बेटी की भी तबीयत बिगड़ गई, एक दिन बाद उसकी भी मौत हो गई। बताया कि उसने पुलिस में शिकायत की, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस पर उसने कोर्ट की शरण ली। कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने शुक्रवार को पति अवनीश, ससुर रामपाल, सास, नंद सीमा, सोने श्री व पूजा के खिलाफ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है। प्रभारी कोतवाल अनिल कुमार सिंह ने बताया कि जांच शुरू कर दी गई है।