सांडी (हरदोई)। थाना क्षेत्र के ग्राम तिलमईखेड़ा में गुरुवार देर रात विवाहिता की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। पति का कहना है कि लॉकडाउन में मायके ले जाने से इनकार पर महिला ने फांसी लगा ली। जबकि मायके पक्ष ने ससुरालियों पर दहेज में कार न देने के कारण हत्या का आरोप लगा तहरीर दी है। पुलिस ने पति समेत पांच लोगों पर दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की है।
ग्राम तिलमई खेड़ा निवासी राहुल सिंह का विवाह डेढ़ वर्ष पहले शानू (20) पुत्री राजेश सिंह निवासी बांसखेड़ा थाना कांठ जनपद शाहजहांपुर के साथ हुआ था। राहुल ने बताया कि शानू मायके जाने की जिद कर रही थी और लॉकडाउन होने के कारण उसने भेजने से इनकार कर दिया। इससे नाराज होकर शानू ने गुरुवार रात 10 बजे घर में फांसी लगाकर जान दे दी।
घटना की जानकारी पर देर रात तिलमईखेड़ा पहुंचे मृतका के पिता राजेश सिंह ने ससुरालियों पर दहेज में कार न देने के कारण पीट-पीटकर शानू की हत्या करने के बाद शव फांसी पर लटकाने का आरोप लगाया है। सांडी थानाध्यक्ष अखिलेश यादव ने बताया कि मृतका के पिता की तहरीर पर पति राहुल सिंह, जेठ विवेक सिंह, जेठानी श्रद्धा सिंह, सास कांती देवी और ससुर राजेश सिंह के विरुद्घ दहेज हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। बिलग्राम के नायब तहसीलदार नितिन राजपूत की मौजूदगी में शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।