जिलाधिकारी रमेश मिश्र ने मंगलवार को पीड़ितों की
शिकायत सुनने के दौरान एक लेखपाल द्वारा सुविधा शुल्क मांगने की शिकायत
मिलने पर उन्होंने तत्काल निलंबित करने के आदेश दिए और कहा कि जांच मेें
शिकायत सही मिली, तो लेखपाल को बर्खास्त किया जाएगा।
इस दौरान 56 पीड़ितों
की शिकायतों में 12 का मौके पर निस्तारण करते हुए अन्य शिकायतों का
निस्तारण एक सप्ताह में करने के निर्देश दिए। इस मौके पर एसपी उमेश
कुमार सिंह ने भूमि विवादों पर पुलिस व राजस्व की संयुक्त टीम बनाकर विवाद
को यथाशीघ्र समाप्त करने पर जोर दिया।
तहसील सभागार में डीएम रमेश मिश्र को
सदरपुर निवासी शिवमंगल सिंह ने बताया कि उनका एक मुकदमा एसडीएम न्यायालय
में विचाराधीन है और क्षेत्रीय लेखपाल ने उनसे कुरा दाखिल करने के लिए 4
हजार रुपये सुविधा शुल्क लिया था। अब वह 10 हजार रुपये और मांग रहा है।
इसके अलावा भी अन्य शिकायत कर्ताओं ने भी लेखपाल पर सुविधा शुल्क मांगने का
आरोप लगाया। इस पर डीएम ने लेखपाल को निलंबित करने के आदेश दिए। माधौगंज
विकास खंड के कौशल किशोर ने शिकायत की कि मुड़िया खेड़ा निवासी नन्हें ने
सार्वजनिक हैंडपंप को घर के भीतर कर लिया है।
इस पर बीडीओ से जांच कराकर
एफआईआर करने के निर्देश डीएम ने दिए। थानाध्यक्ष माधौगंज विश्वनाथ यादव ने
बताया कि ग्राम विकास अधिकारी सुभाष चंद्र की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जा
रहा है। इसके अलावा धोंधी की राजबेटी ने इंदिरा आवास, तेरवा कुल्ली के
नथुन्नी ने चकरोट पैमाइश, बिरनी के राजकुमार ने भूमि पैमाइश, पाठकपुरवा
माधौगंज की फूलमती ने अवैध कब्जा हटाने, माधौगंज के सर्वेश ने भूमि संबंधी
समस्या जिलाधिकारी को बताई।
उधर, एसडीएम प्रेम प्रकाश तिवारी ने बताया कि
तहसील दिवस में 56 समस्याएं आयी है जिनमें 12 का निस्तारण मौके पर ही कर
दिया गया है।