बघौली। थाने पर सूचना देने के बाद भी मदद नहीं मिली तो पीड़ित ने डीएम को फोन कर दिया। उधर से बताया गया कि कुछ लोग जबरन उसके पुत्र को बंधक बनाए हुए हैं। डीएम ने थानेदार को फोन लगाकर तत्काल संबंधित गांव में पहुंचकर पीड़ित की मदद के निर्देश दिए। हाकिम के निर्देश पर थानेदार गांव पहुंचे। घटना की जानकारी लेने पर पता चला की घर में अकेली किशोरी के साथ छेड़छाड़ की नीयत से घुसे युवक को बंधक बनाया गया था। थानेदार ने दोनों पक्ष के लोगों को समझा बुझाकर समझौता कराया।
थाना क्षेत्र के बर्रा गोमन गांव में एक युवक किशोरी को घर में अकेली देखकर बुरी नीयत से घर में घुस गया। छेड़छाड़ करने पर लड़की ने शोर मचा दिया। शोर मचाने पर आस पड़ोस के लोग मौके पर आ गए और युवक को दबोच लिया। घर पहुंचे किशोरी के परिजनों ने युवक को बंधक बनाकर जमकर धुनाई की। इस दौरान घटना की सूचना युवक के परिजनों को लगी। वह युवक को छुड़ाने पहुंचे तो दूसरे पक्ष के लोगों ने जानमाल की धमकी देते हुए उसे छोड़ने से इंकार कर दिया।
इससे भयभीत युवक के परिजनों ने डीएम विवेक वार्ष्णेय को फोन कर बंधक बनाए जाने की जानकारी दी थी। डीएम ने थानेदार को फोन किया। थाना प्रभारी जावेद अहमद मय पुलिस बल के गांव पहुंचे। धटना के संबध्ंा में बताया कि फिलहाल दोनों पक्षों के बीच सुलह करा दिया था। अभी इस संबंध में किसी भी पक्ष की तरफ से तहरीर नहीं मिली है। यदि तहरीर मिलती है तो आगे की कार्रवाई की जाएगी।