हरदोई। शुक्रवार और शनिवार को बारिश व ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान का आकलन राजस्व कर्मी करेंगे। जिलाधिकारी ने सभी एसडीएम और तहसीलदारों को लेखपालों के माध्यम से सर्वे कराते हुए 24 घंटे के अंदर ब्योरा उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी सौंपी है।
बारिश और ओलावृष्टि से फसलों को हुए नुकसान पर मुख्यमंत्री ने 24 घंटे के अंदर पीड़ित किसानों को मुआवजा दिए जाने की व्यवस्था दी है। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने सोमवार को बताया कि पिछले दो दिनों में हुई बारिश और ओलावृष्टि से जनपद के किसानों की फसलों को हुए नुकसान का आकलन लेखपाल से लेकर तहसीलदार तक से कराया जा रहा है। मंगलवार शाम तक फसलों को हुए नुकसान के प्रतिशत के साथ ब्योरा प्राप्त कराने के आदेश दिए गए हैं।
बताया कि नुकसान के प्रतिशत के आधार पर पीड़ित किसानों को दैवीय आपदा मद में शासन से मुआवजा दिलाया जाएगा। एसडीएम से कहा गया है कि वह अपनी-अपनी तहसील क्षेत्र में फसलों को हुए नुकसान की रिपोर्ट सही प्रकार से तैयार कराएं।