हरदोई। पूर्व सांसद भाजपा नेता नरेश अग्रवाल ने कहा है कि उन्होंने अपने कार्यकाल में बची निधि से शहर में विद्युत व्यवस्था सुधारने के लिए एक करोड़ रुपये दिए हैं। इससे 380 स्ट्रीट लाइट और पोल लगवाने का टेंडर नगर पालिका के माध्यम से हो गया है। अगले दो माह के अंदर शहर महानगर की तर्ज पर दिखेगा। उन्होंने कहा है कि राज्यसभा सांसद अशोक वाजपेयी को भी हर वर्ष अपनी निधि से शहर को विकसित करने के लिए एक करोड़ रुपये देने चाहिए।
शुक्रवार को वैटगंज स्थित आवास पर पत्रकारों से वार्ता में नरेश अग्रवाल ने कहा कि निधि से स्ट्रीट लाइट और पोल लगने के बाद नगर पालिका से तिरंगा रंग की एलईडी लाइट भी पोल पर लगेंगी। उन्होंने शहर में रहने वाले सभी जनप्रतिनिधियों (विधायक और सांसद) से आह्वान किया कि शहर को विकसित करने के लिए अपनी निधि से कुछ न कुछ कार्य जरूर कराएं।
उन्होंने कहा कि अमृत योजना के तहत जो मार्ग खोदे गए हैं, उनका भुगतान तब तक नहीं किया जाएगा, जब तक संबंधित क्षेत्र के सभासद यह लिखकर नहीं दे देंगे कि उनके क्षेत्र में कार्य गुणवत्तापूर्ण हुआ है और वह संतुष्ट हैं। पूर्व सांसद ने बताया कि अमृत योजना में गुणवत्ताहीन कार्य होने पर भुगतान न करने के बाबत डीएम से भी बात हुई है। प्रेसवार्ता के दौरान नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष रामप्रकाश शुक्ला और ईंट भट्ठा एसोसिएशन के जिला मंत्री योगेंद्र दत्त मिश्रा बच्चू भी मौजूद रहे।