हरदोई। जिला पंचायत अध्यक्ष प्रेमावती के बेटे नीरज वर्मा से 29 लाख की धोखाधड़ी किए जाने का मामला सामने आया है। एंंटी फ्रॉड सेल से जांच कराए जाने के बाद पुलिस अधीक्षक के आदेश पर शहर कोतवाली में बरेली निवासी मां-बेटे के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है।
शहर के महात्मा गांधी मार्ग निवासी प्रेमावती वर्मा जिला पंचायत अध्यक्ष हैं। उनके बड़े बेटे नीरज वर्मा शहर के प्रतिष्ठित चिकित्सक हैं। दर्ज कराई गई प्राथमिकी में नीरज ने बताया कि लखनऊ के रजनीखंड के लक्ष्मनविहार निवासी कमलेश प्रसाद इन दिनों बरेली के ई-11 उमंगपार्ट-2 महानगर में बेटे राजकमल के साथ रह रही हैं। बताया कि लोधी स्थित 1790 वर्ग मीटर भूमि 45 लाख रुपये में बेचने की बात अपने पति राजेंद्र और पुत्र राजकमल के सामने की थी। लिखा पढ़ी में एग्रीमेंट करने के लिए कहा तो उन्होंने विश्वास में लेकर ऐसे ही अग्रिम भुगतान दे देने के लिए कहा।
20 जनवरी 2020 को कमलेश के पति राजेंद्र की मौत हो गई। पूर्व की शर्ताें के मुताबिक नीरज ने 24 नवंबर 2020 से 12 मार्च 2021 के बीच आरटीजीएस और नेफ्ट से 29 लाख रुपये का भुगतान कमलेश को कर दिया। बाकी के 16 लाख बैनामा कराने पर देने की बात तय हुई। इसके बाद से कई बार प्रयास किया गया लेकिन फिर भी आरोपी ने बैनामा नहीं किया।
इस पर 22 जुलाई 2025 को उन्हें विधिक नोटिस भेजा गया लेकिन फिर भी कोई जवाब नहीं आया। इस पर उन्होंने पुलिस अधीक्षक से शिकायत की। पुलिस अधीक्षक ने एंटी फ्रॉड सेल से मामले की जांच कराई। प्रथम दृष्टया शिकायत सही होने और पर्याप्त साक्ष्य होने पर आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। शहर कोतवाल संजय त्यागी ने बताया कि आरोपियों पर मामला दर्ज किया गया है। दोनों की तलाश की जा रही है।