हरदोई। अमृत योजना के तहत पाइप लाइन डालने के लिए दो घंटे का लिया गया बिजली आपूर्ति का ब्रेकडाउन सवा छह घंटे खिंच गया। इस कारण दोपहर एक बजे से शाम सवा सात बजे तक जिला अस्पताल की बिजली गुल रही। इससे अस्पताल प्रशासन के साथ-साथ मरीजों और तीमारदारों को परेशान होना पड़ा। सांझ ढलते ही होते ही अस्पताल में अंधेरा पसर गया। वार्डों में भर्ती मरीजों का इलाज मोमबत्ती जलाकर करना पड़ा।
शहर के अलग-अलग हिस्सों में इन दिनों अमृत योजना के तहत पाइप लाइन बिछाने का काम चल रहा है। सरकुलर रोड पर जहां पाइप लाइन बिछाई जानी है, वहीं से जिला अस्पताल की स्पेशल भूमिगत बिजली लाइन गई है। इस कारण सोमवार को कार्यदायी संस्था की ओर से बिजली विभाग से दो घंटे का ब्रेकडाउन मांगा गया था।
आवेदन मिलने पर बिजली विभाग ने दोपहर 1 बजे से 2 घंटे के लिए मन्नापुरवा से जिला अस्पताल की आपूर्ति बंद कर दी दी। आपूर्ति बंद होने के बाद काम शुरू हुआ, लेकिन निर्धारित समय में काम पूरा नहीं हो सका। इसके बाद कार्यदायी संस्था लगातार समय बढ़ाती रही। नतीजन दोपहर 1 बजे से बाधित बिजली आपूर्ति शाम सवा सात बजे तक बहाल नहीं की जा सकी। इससे अस्पताल प्रशासन के कई काम बाधित हो गए।
अस्पताल प्रशासन, मरीजों और तीमारदारों को परेशानी का सामना करना पड़ा। शाम होते ही अस्पताल परिसर में अंधेरा पसर गया। आपूर्ति बाधित होने के कारण लोगों को खासी परेशानी झेलनी पड़ी। जेई सौरभ अवस्थी ने बताया कि आवेदन मिलने पर दो घंटे का ब्रेक डाउन दिया गया था। कार्यदायी संस्था से लगातार संपर्क किया जाता रहा, लेकिन वहां से काम जारी होने की सूचना मिलती रही। इस कारण आपूर्ति बहाल नहीं की जा सकी। बताया कि वहां से काम बंद होने की सूचना मिलने के बाद शाम सवा सात बजे जिला अस्पताल की आपूर्ति बहाल करा दी गई है।
सावधानी बरतने के चलते लग गया वक्त
हरदोई। जल निगम के अधिशाषी अभियंता एके त्रिपाठी ने बताया कि सरकुलर रोड पर जहां पाइप लाइन डाली जानी है, वहां आज जेसीबी से खुदाई कराई जा रही थी।
पास से ही बिजली विभाग की भूमिगत लाइन निकली है। काम काफी एहतियात के साथ किया जा रहा था, इसलिए वक्त लग गया। शाम लगभग सात बजे काम समाप्त करा बिजली विभाग को सूचना दे दी गई है।
जेनरेटर भी न आया काम
हरदोई। जिला अस्पताल में विद्युत आपूर्ति बाधित होने के दौरान काम सुचारु रूप से चलता रहे, इसके लिए अस्पताल में हैवी जेनरेटर सेट लगे हैं, लेकिन सोमवार को दोपहर एक बजे आपूर्ति बाधित होने के बाद भी वह भी काम नहीं आए।
वार्डों में भर्ती रोगियों व तीमारदारों ने बताया कि दोपहर के बाद से आपूर्ति शुरू नहीं की जा सकी। इधर अस्पताल के जिम्मेदारों का कहना है कि जेनरेटर चलाया गया था, लेकिन वार्डों तक जाने वाली मेन लाइन में कुछ खराबी आ गई थी। इस कारण जेनरेटर से आपूर्ति नहीं दी जा सकी। खामी को दूर कराया जा रहा है।