हरदोई। भाजपा पदाधिकारियों की मंशा कारगर हुई तो विधानसभा चुनाव में भाजपा अपनी जमीन पर सियासत का ताना बाना बुनते नजर आएगी। जिलाध्यक्ष की अगुवाई में मंगलवार को एक हजार फुट और जमीन की रजिस्ट्री करा भाजपाइयों ने अपने कार्यालय के निर्माण के लिए योजना बना ली है।
जिले में भाजपा का अभी तक कोई स्थायी व अपना कार्यालय नहीं है। इसके भवन के निर्माण को लेकर दो नवंबर 2010 में प्रदेश अध्यक्ष सूर्य प्रताप शाही ने शिलान्यास किया था। लेकिन तब से लेकर आज तक कार्यालय के लिए नींव तक नहीं रखी जा सकी है। मंगलवार को जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण शास्त्री की अगुवाई में मंगलवार को एक हजार फु ट जमीन और भाजपा कार्यालय के नाम हो गई है।
इसको लेकर रजिस्ट्री कार्यालय में भाजपा पदाधिकारियों की मौजूदगी में इसकी रजिस्ट्री भी करा दी गई। भाजपा जिलाध्यक्ष ने बताया कि लखनऊ रोड स्थित गंगा कालोनी से कुछ आगे दो हजार फुट भाजपा कार्यालय के नाम जमीन ली जा चुकी है। जिसके बाद एक हजार फुट और ली गई है। भाजपा कार्यालय के नाम अब तीन हजार फुट जमीन हो गई है। जिस पर जल्द ही योजना बनाकर निर्माण करवाया जाएगा।
पूर्व जिलाध्यक्ष रामबहादुर सिंह ने बताया कि दो हजार स्क्वायर फुट जमीन श्यामा प्रसाद मुखर्जी ट्रस्ट के नाम पर पूर्व में उनके कार्यकाल में ली गई थी मंगलवार को एक हजार स्कवायर फुट और इसी ट्रस्ट के नाम ले ली गई है। इस मौके पर कार्यालय प्रभारी बीजेपी उत्तर प्रदेश भारत दीक्षित, पूर्व एमएलसी श्याम नंदन , सूरज सिंह सोमवंशी, अजीत सिंह बब्बन आदि रजिस्ट्री कार्यालय में मौजूद रहे।