फोटो 22: बिलग्राम क्षेत्र में गांव के आसपास भरा बाढ़ का पानी। संवाद
हरदोई/बिलग्राम। गंगा, रामगंगा और गर्रा नदी के पानी में शुक्रवार को बढ़ोतरी दर्ज की गई। गर्रा नदी के पानी में तीसरे दिन 60 सेंटीमीटर की बढ़ोतरी हुई है। नदियों के जलस्तर में एक बार फिर बढ़ोतरी होने से कटरी और आसपास के क्षेत्रों में लोगों की मुश्किलें बरकरार हैं। गांवों के आसपास जलभराव की स्थिति बनी हुई है। इससे लोगों को नाव के सहारे आवागमन करना पड़ रहा है।
नदियों के जलस्तर में वृद्धि का असर बिलग्राम के कटरी क्षेत्र में अभी भी बना है। गांवों के अंदर से पानी निकलने के बाद भी गांवों के चारों तरफ पानी भरा है। वहीं गांव से पानी निकलने के बाद गंदगी और बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। कटरी क्षेत्र के कई गांवों में जलभराव कम होने के बाद कीचड़ और गंदगी फैल गई है। इससे संक्रामक बीमारियों के पनपने की आशंका बढ़ गई है।
राजघाट पर गंगा नदी का पानी एक बार फिर चेतावनी बिंदु की ओर बढ़ने लगा है। इससे कटरी क्षेत्र में बाढ़ की आशंका पूरी तरह समाप्त नहीं हुई है। प्रभावित गांवों के लोगों में पानी और गंदगी के कारण पैरों में सड़न की बीमारी पनपने लगी है। गंगा के साथ अन्य नदियों के जलस्तर में हो रहे बदलाव से प्रशासन भी सतर्क है।
तहसील बिलग्राम क्षेत्र में आने वाले घाटों और आसपास शुक्रवार को गंगा नदी के पानी में वृद्धि देखी गई। ग्रामीणों के मुताबिक, गंगा नदी का पानी तीन से चार अंगुल बढ़ गया है। हालांकि अभी आबादी सुरक्षित है। पुन्ना पुरवा, जरेला और मदारी पुरवा में जलस्तर घटने के साथ गांवों से पानी निकल गया है। गांवों से पानी निकल जाने के बाद भी गांव के आसपास जलभराव है। लोगों को नाव से अभी भी आवागमन करना पड़ रहा है। एसडीएम एन राम ने बताया कि गांवों में राहत किट वितरित की जा चुकी हैं, पानी बढ़ने पर निगाह रखी जा रही है। बाढ़ चौकियों और राजस्व अधिकारियों और कर्मचारियों को अलर्ट मोड में रखा गया है।
नानक सागर और ड्यूनी बैराज ने गर्रा का बढ़ाया जलस्तर
बैराजों से छोड़े जाने वाले पानी से अब गर्रा नदी के पानी में चार दिनों से बढ़ोतरी देखने को मिल रही है। गर्रा नदी में शुक्रवार को उत्तराखंड के नानक सागर बैराज से 5,565 क्यूसेक और पीलीभीत के ड्यूनी बैराज से 23,814 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। इससे गर्रा नदी में 24 घंटे में 60 सेंटीमीटर पानी बढ़ा और शाहजहांपुर के मुमोक्ष आश्रम घाट पर 147.50 मीटर गेज पर आ गया है। वहीं गंगा नदी में नरौरा बैराज से 83,835 क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। गंगा नदी के पानी में 24 घंटे में 10 सेंटीमीटर पानी बढ़ा है और फर्रुखाबाद के पांचाल घाट पर चेतावनी बिंदु 136.60 मीटर से 30 सेंटीमीटर ऊपर 136.90 मीटर गेज पर आ गया है। राजघाट पर 125.28 मीटर गेज पर पानी आया है। रामगंगा नदी के पानी में पांच सेंटीमीटर की वृद्धि हुई और पानी 136.15 मीटर गेज पर पहुंचा है।
फोटो 22: बिलग्राम क्षेत्र में गांव के आसपास भरा बाढ़ का पानी। संवाद