हरदोई। नवरात्र के आठवें दिन गुरुवार को घरों और मंदिरों में मां भवानी के आठवें स्वरूप मां महागौरी की पूजा अर्चना हुई। नवरात्र में प्रथम दिन और अष्टमी का खासा महत्व होता है। जिसके चलते मंदिर पहुंचने वालों की काफी भीड़ रही। देवी भक्तों ने पूजा कर मां की जय जयकार की। जिससे पूरा शहर में भक्तिमय हो गया।
नवरात्र की अष्टमी पर मां श्रवण देवी मंदिर के अलावा आर्यकन्या पाठशाला रोड स्थित मां भवानी मंदिर, में भक्ताें ने पहुंच कर मां के दर्शन किए और सुख समृद्धि की कामना की। मंदिरों में भक्तों ने मां के जयकारे लगाए। मान्यता है कि मां की कृपा से लोगों को सुख समृद्धि की प्राप्ति होती है। कहते हैं कि मां अपने भक्तों की हर तरह से रक्षा करते हुए उन्हें सुखा शांति प्रदान करती हैं। नवरात्र में मां की आराधना से लोगों के कष्ट दूर हो जाते हैं।
शास्त्री उमाकांत अवस्थी ने बताया कि अष्टमी और नवमी के दिन विशेष हवन पूजन कार्यक्रम होता हैं। नवरात्र की अष्टमी के अवसर पर देवी भक्तों ने मां का पूजन अर्चन करने के अलावा हवन भी कराया। बताया कि नियम और विधि विधान से होने वाले हवन पूजन से मां प्रसन्न होकर भक्तों की सभी मनोकामना पूरी करती हैं।