हरदोई। रेलवे ट्रैक की मरम्मत और रखरखाव के मद्देनजर हरदोई से लखनऊ मार्ग पर स्थित बालामऊ-बघौली स्टेशन के बीच रेल समपार 259-सी, देवगनपुर फाटक को तीन दिनों के लिए बंद कर दिया गया है। रेलवे द्वारा फाटक के सामने की पटरियों को बदलने का कार्य शुरू किया गया है, जिसके कारण सड़क मार्ग पर वाहनों का आवागमन पूरी तरह से ठप रहेगा।
सीनियर सेक्शन इंजीनियर पवन शर्मा ने बताया कि मरम्मत कार्य के चलते देवगनपुर रेल फाटक शुक्रवार की सुबह दस बजे से रविवार की शाम छह बजे तक बंद रहेगा। इस दौरान, रेलवे क्रॉसिंग से गुजरने वाले राहगीरों और वाहन चालकों को वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करना होगा।
यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए, वाहनों को बालामऊ स्टेशन फाटक (समपार संख्या 258-बी) और बरवा सरसंड फाटक (समपार संख्या 260-सी) से होकर गुजरने का निर्देश दिया गया है। रेलवे ने आश्वासन दिया है कि वैकल्पिक मार्गों पर यातायात चालू रखा गया है, जिससे लोग अपने गंतव्य तक पहुँच सकें। इस अवधि में इन वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करने की सलाह दी गई है।