शाहाबाद। नगर पालिका बोर्ड की बैठक सोमवार को अध्यक्ष नसरीन बानो की अध्यक्षता में पालिका सभागार में हुई। इसमें विभिन्न विकास कार्यों पर चर्चा की गई। सभासदों ने वार्डों में विकास कार्य न होने का मुद्दा उठाया।
अध्यक्ष नसरीन बानो ने कहा कि नगर की सफाई व्यवस्था और योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही न बरती जाए। पालिका प्रशासन नगर के विकास के कटिबद्ध है। सभासद वार्डों में विकास कार्य कराने को सुझाव दें। सभी वार्डों में विकास कार्य प्राथमिकता पर कराए जाएंगे।
बैठक मेें सुलेमानी वार्ड के सदस्य अफसर ने वार्ड में दो वर्ष से विकास कार्य न कराए जाने का मुद्दा उठाया। कहा कि पुलिया और नालियां टूटी पड़ी हैं, इससे लोगों को परेशानी होती है।
गिलजई वार्ड के सदस्य डॉ. शाहिद अली ने कहा कि गिलजई मूजागढ़ व कांशीराम कालोनी में बिजली के पोल न होने से गलियों में अंधेरा पसरा रहता है। बुधबाजार के सभासद अखिलेश त्रिपाठी ने स्कूल की बाउंड्रीवाल बनवाने व तालाब की सफाई कराने की मांग उठाई। इस मौके पर ईओ विमलापति, सदस्य लक्ष्मीकांत त्रिपाठी, तारिक खां, डॉ. शाहिद अली, अजहर मसूद, आशीष अवस्थी, किरन देवी, अफसर अली, किशन कुमार, सुल्तान अहमद, यदुवीर सिंह व रानी त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।