हरदोई। अहिरोरी विकास खंड की ग्राम पंचायत रावबहादुर में कराए गए विकास कार्यों में अनियमितता का मामला तूल पकड़ गया है। इसकी जांच के लिए गठित टीम द्वारा आख्या न दिए जाने पर सीडीओ ने नाराजगी जताई है। जल्द तकनीकी जांच कर आख्या देने के निर्देश भी सीडीओ ने दिए हैं।
ग्राम पंचायत रावबहादुर में कराए गए विकास कार्यों में अनियमितता की शिकायत ग्रामीणों ने दिसंबर 2019 में तत्कालीन जिलाधिकारी से की थी। जिलाधिकारी ने उपायुक्त स्वत: रोजगार से पूरे मामले की जांच करने को कहा था, लेकिन बाद में उनके साथ तकनीकी जांच के लिए लोक निर्माण विभाग के खंड-1 के सहायक अभियंता को भी लगा दिया गया।
बावजूद इसके अभी तक प्रकरण की विस्तृत जांच नहीं हो पाई। इसके कारण शिकायत का निस्तारण भी नहीं हो पा रहा है। सीडीओ निधि गुप्ता वत्स ने तकनीकी जांच कर स्पष्ट आख्या एक सप्ताह के अंदर देने के निर्देश जांच टीम को दिए हैं। सीडीओ का सख्त रुख देखकर न सिर्फ जांच अधिकारियों में खलबली है, बल्कि ग्राम पंचायत के जिम्मेदारों में भी अफरातफरी है।