मानदेय समेत कई मांगों के पूरा न होने पर गुस्साए
स्वास्थ्य कर्मियों ने काली पट्टी बांध कर विरोध प्रदर्शन किया और मांगें
पूरी होने तक विरोध प्रदर्शन जारी रखने का ऐलान किया। इस दौरान स्वास्थ्य
कर्मियों ने ब्लड बैंक के बाहर नारेबाजी भी की।
मिली जानकारी के अनुसार,
एड्स नियंत्रण कर्मचारी कल्याण समिति के आह्वान पर आईसीअीसी सेंटर,
पीपीटीसी सेंटर, ब्लड बैंक, एसटीआई क्लीनिक आदि के स्वास्थ्य कर्मचारियाें
ने मंगलवार को ब्लड बैंक के बाहर काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन करते
हुए जमकर नारेबाजी भी की।
इस मौके पर जिला इकाई के अध्यक्ष प्रहृलाद सिंह
गौर और महामंत्री अकील खान ने बताया कि मांगोें के संबंध में 15 जुलाई तक
काली पट्टी बांधकर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने मांगों के संबंध
में बताया कि राज्य एड्स नियंत्रण सोसाइटी के अधीन कार्यरत समस्त संविदा
कर्मचारियों को पिछले तीन माह से वेतन नहीं मिला है, उनको वेतन दिया जाए।
इसके अलावा पिछले दो वर्ष से वेतन में भी बढ़ोतरी नहीं हुई है, वह की जाए। कहा
कि राज्य सरकार के अधीन पदों पर कार्यरत नियमित कर्मचारियों के समतुल्य
समान कार्य एवं समान वेतन के आधार पर वेतन एवं अन्य भत्ते प्रदान किए जाएं।
कर्मचारियों को टीएडीए एवं अन्य भत्ते भी दिए जाए और माह का वेतन माह के
प्रथम सप्ताह में उपलब्ध कराया जाए।
इसके अलावा कर्मचारियों के आकस्मिक
निधन पर पांच लाख रुपये सहायता राशि उपलब्ध कराई जाए और कर्मचारियों से
बकाया भुगतान तत्काल किया जाए। इस मौके पर अमित कुमार शर्मा, अर्चना सिंह,
प्रीती सिंह, कंचन सिंह, सुमन मिश्र, ममता द्विवेदी, स्नेह लता, पुष्पेंद्र
कनौजिया और ध्यानेंद्र प्रकाश आदि लोग मौजूद थे।