फोटो-22-विधायक को ज्ञापन और आभार पत्र देते अमर ज्योति सेवा संस्थान के पदाधिकारी। स्रोत स्वयं
हरपालपुर/सवायजपुर। अमर ज्योति सेवा संस्थान के प्रतिनिधि मंडल ने मंगलवार को क्षेत्रीय विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन और आभार पत्र सौंपा। अर्जुनपुर में रामगंगा नदी पर पुल बनवाने के लिए आभार जताते हुए पुल के नामकरण को लेकर भी सुझाव दिए।
ज्ञापन में कहा गया कि अर्जुनपुर में नवनिर्मित पुल का लोकार्पण होना है। लोकार्पण के दौरान इस पुल का नाम स्वामी विवेकानंद सेतु, नेताजी सुभाष चंद्र बोस सेतु या अटल सेतु रखे जाने की मांग की गई है। ज्ञापन में कहा गया कि उक्त तीनों विभूतियों की राष्ट्र भक्ति पर कोई शंका नहीं कर सकता। तीनों ने अपने-अपने समय में देश का नाम विश्व पटल पर रोशन किया है। पुल का नाम इन महापुरुषों के नाम पर होने से सकारात्मक संदेश जाएगा। ज्ञापन देने वालाें में संस्थान के अध्यक्ष स्वामी मुकेशानंद जी महाराज, सचिव प्रमोद कुमार तिवारी, संरक्षक राम प्रताप पांडेय, अरविंद मिश्रा, मुन्नू लाल पांडेय आदि मौजूद रहे। विधायक ने ज्ञापन और आभार पत्र मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ तक पहुंचाने का भरोसा संस्थान के पदाधिकारियों को दिलाया।