हरदोई। एक्साइड ड्यूटी के विरोध में दिल्ली ्में आयोजित धरने में शामिल होने जा रहे व्यापारी की कार एक्सप्रेस वे पर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इसमें एक व्यापारी की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए।
एक्साइज ड्यूटी के विरोध में दिल्ली में आयोजित धरने में शामिल होने के लिए हरदोई के तमाम व्यापारी बुधवार शाम बस से रवाना हुए। व्यवसायी अनुज महेंद्रा अपनी मर्सिडीज कार से प्रदीप मिश्रा, बबलू कपूर व संजीव रस्तोगी को लेकर निकले थे।
वे देर रात मथुरा एक्सप्रेस वे पर पहुंचे थे कि अचानक कार का टायर फट गया और कार दुर्घटना ग्रस्त हो गई। हादसे में प्रदीप मिश्रा (50) की मौके पर ही मृत्यु हो गई, जबकि कार चला रहे अनुज महेंद्रा के सिर में गंभीर चोटें आई हैं। संजीव रस्तोगी व बबलू कपूर को भी चोटें आई हैं।
कुछ देर बाद पीछे से व्यापारियों से भरी बस पहुंची। बस सवारों ने घायल कार सवारों को अस्पताल पहुंचाया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव का पंचनामाभर पोस्टमार्टम के लिए भेजा। शाम को व्यापारी का शव घर पहुंचा।