शिक्षा विभाग में 15 हजार सहायक टीचरों की भर्ती
प्रक्रिया में शासन स्तर से किए जा रहे विलंब से खफा बीटीसी प्रशिक्षुओं ने
गुरुवार को कलक्ट्रेट परिसर में जमकर प्रदर्शन कर नारेबाजी की तथा
मुख्यमंत्री को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपकर तत्काल भर्ती
प्रक्रिया को शुरू कराने की मांग की।
इस दौरान कलक्ट्रेट परिसर में
प्रदर्शन को संबोधित करते हुए राघवेंद्र प्रताप सिंह ने कहा कि डायट में
बीटीसी 2011 एवं बीटीसी 2012 बैंच के प्रशिक्षार्थी प्रशिक्षण प्राप्त कर
चुके हैं। टीईटी भी उत्तीर्ण हैं। कहा कि इसके बाद शासन द्वारा 15,000
टीचरों की भर्ती प्रक्रिया निकालने का दावा तो किया, लेकिन अब तक शुरुआत ही
नहीं कर पाए और न ही काउंसिलिंग की कोई तिथि ही घोषित की जा सकी है।
उन्होंने कहा कि यदि 14 जून तक शासन ने काउसिलिंग तिथि नहीं घोषित की तो
समस्त अभ्यर्थी जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में 15 जून से
अनिश्चितकालीन धरना और भूख हड़ताल पर बैठेंगे। इस दौरान प्रशिक्षुओं ने
कलक्ट्रेट परिसर में जमकर नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया और मुख्यमंत्री
को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी रमेश मिश्र को भी सौंपा और जल्द से जल्द
भर्ती प्रक्रिया शुरू कराए जाने की मांग की।
इस मौके पर प्राथमिक शिक्षक
संघ अध्यक्ष शिवशंकर पांडे, आजाद यादव, प्रशांत शुक्ला, शुभम् मिश्रा,
अंकित कुमार, राजा रंकेश, मंजूषा श्रीवास्तव, सिम्मी वर्मा, प्रीती गौतम और
दीक्षा सिंह आदि मौजूद थे।