हरदोई। जल जीवन मिशन के कामों में देरी और लापरवाही पर जिलाधिकारी अनुनय झा ने नाराजगी जाहिर की। उन्होंने काम करा रही संस्था एनसीसी के जिलास्तरीय अधिकारी को नोटिस देने के निर्देश दिए। कहा कि पाइपलाइन लीकेज को समय से दुरुस्त और लोगों को जागरूक किया जाए।
स्वामी विवेकानंद सभागार में बैठक की अध्यक्षता करते हुए डीएम ने जल जीवन मिशन के कामों की समीक्षा की। कहा कि चालू परियोजनाओं में पानी की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। लीकेज को ठीक करने में देरी न करें और योजना को लेकर आमजन को जागरूक किया जाए। विभिन्न प्रमुख कार्यालयों में योजनाओं के प्रचार-प्रसार के लिए एलईडी स्क्रीन लगवाई जाएं। अधिक शिकायतों पर नाराजगी जताई और एनसीसी कंपनी के जिलास्तरीय अधिकारी को नोटिस देने के निर्देश दिए। कहा कि एक महीने में सुधार न होने पर कार्रवाई की जाएगी। सीडीओ सौम्या गुरूरानी, जल निगम के अधिशासी अभियंता एके त्रिपाठी, मनोज कुमार आदि मौजूद रहे।
योग सप्ताह पर होंगे विभिन्न स्थानों पर कार्यक्रम
हरदोई। स्वामी विवेकानंद सभागार में डीएम अनुनय झा ने बैठक की अध्यक्षता करते हुए 15 से 21 जून तक योग सप्ताह में होने वाले कार्यक्रमों की जानकारी ली। कहा कि 21 जून को पुलिस लाइन में मुख्य कार्यक्रम होगा। योग कार्यक्रमों में जन सहभागिता सुनिश्चित की जाए। योग प्रशिक्षकों की क्षेत्रवार सूची बना ली जाए। जिला कारागार में योग का आयोजन किया जाए। 16 को थाना, कारागार, संप्रेक्षण गृह, 18 को सभी विकास खंड और निकाय, 19 को तहसीलों व विभागीय कार्यालयों, 20 को स्टेडियम में योग कार्यक्रम कराया जाए। 21 को पुलिस लाइन में मुख्य कार्यक्रम होगा। इसमें खिलाड़ियों, पूर्व सैनिकों, ट्रांसजेंडर, अधिवक्ताओं, व्यापारियों, शिक्षकों, एनसीसी व एनएसएस के बच्चों को भी शामिल किया जाए। सीडीओ सौम्या गुरूरानी, एडीएम प्रियंका सिंह व प्रफुल्ल त्रिपाठी, नगर मजिस्ट्रेट सुनील कुमार त्रिवेदी, जिला आयुर्वेद अधिकारी आशा रावत समेत अधिकारी मौजूद रहे।