गणतंत्र दिवस की पूर्व संध्या पर सोमवार से ही जिले के प्रमुख चौराहे व इमारतें रोशनी से नहाती नजर आईं। सरकारी व गैर सरकारी कार्यालयों में दिन भर तैयारियों का दौर जारी रहा। गांधी भवन में जहां एक ओर गांधी जी की प्रतिमा की सफाई व धुलाई का काम चला तो वहीं अन्य कार्यक्रम स्थलों को लेकर भी साफ सफाई चलती रही। गणतंत्र दिवस का जश्न पूरे देश के साथ जिले में भी मंगलवार को मनाया जाएगा।
गणतंत्र दिवस पर आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करते हुए जिलाधिकारी रमेश मिश्र ने बताया कि सुबह साढ़े छह बजे समस्त धार्मिक संस्थाओं द्वारा सामूहिक प्रार्थना सभा आयोजित होगी। आठ बजे प्रभात फेरी का आयोजन होगा। साढ़े आठ बजे समस्त सरकारी व गैर सरकारी कार्यालयों, भवनों पर ध्वजारोहण, राष्ट्रगान एवं संविधान में उल्लिखित संकल्प को दोहराया जाएगा। सुबह नौ बजे नगर में स्थापित महापुरुषों, अमर शहीदों व स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की मूर्तियों पर माल्यार्पण व जिला कारागार व गांधी भवन में सेनानी स्मारकों पर श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। इसके बाद साढ़े नौ बजे से पुलिस लाइन में परेड व अन्य रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन होगा।
गणतंत्र दिवस के अवसर पर मंगलवार को पुलिस लाइन ग्राउंड में मुख्य अतिथि स्वतंत्र प्रभार मंत्री नितिन अग्रवाल साढ़े नौ बजे ध्वजारोहण करेंगे। नौ बजकर 35 मिनट पर परेड का निरीक्षण करेंगे। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। जिसमें विभिन्न स्कूलों के बच्चे अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेगें। सोमवार को भी पूरे दिन स्कूलों के बच्चे रिहर्सल करते देखे गए।
पुलिस लाइन ग्राउंड में सोमवार को महिला पुलिस कर्मियों ने रंगोली तैयार की। महिला थानाध्यक्ष के नेतृत्व में महिला पुलिस कर्मियों ने रंगोली बनाई।
गणतंत्र दिवस पर शहर के हर चौराहे पर तिरंगे की बिक्री होती दिखी। बच्चे अपने अभिभावकों के साथ तिरंगा खरीदते दिखाई दिए। विक्रेता सुरेश ने बताया कि तिरंगा झंडा के अलावा, बैच, झालर, तिरंगा का गुब्बारा आदि की बिक्री जोरों पर है।
जिले के स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों की सूची में हमारे बीच प्रेरणा स्रोत सेनानी भोला सिंह का कहना है कि भारत मां के लिए जज्बा न तो भारत में कभी भी कम हुआ है और न ही होगा। आगे भी अपनी धरती मां को वहीं पुराना सम्मान अपने बेटों से मिलता रहेगा। लेकिन दुख की बात यह है कि आज की युवा पीढ़ी नशे, भ्रष्टाचार आदि में लिप्त है। इसलिए देश की युवा पीढ़ी से यही कहना है कि वह अपने पथ से भ्रमित न हो, एक उद्देश्य लेकर चले। जिससे भारत मां के लिए अच्छे सपूत बनकर सामने आ सके।