दिल्ली में मजदूर की मौत, साथियों पर हत्या का आरोप
- बुधवार को दिल्ली में हुई थी मौत,
- बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के जरौली नेवादा निवासी था युवक
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के जरौली नेवादा गांव के मजदूर की बुधवार को दिल्ली में संदिग्ध हालात में मौत हो गई। परिजनों ने दो साथियों पर विवाद में पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया है। परिजनों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया।
बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के ग्राम जरौली नेवादा निवासी रामकिशोर ने बताया कि एक माह पूर्व गांव निवासी धीरज, सुनील, शेरु, सूरज उसके पुत्र भोला (18) को मजदूरी के लिए दिल्ली ले गए थे। सभी एक साथ काम करते थे। जहां पर बुधवार को भोला की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। साथियों ने उन्हें दी। गुरुवार की देर शाम उसके साथी शव लेकर गांव आए। पिता ने बताया कि भोला के शरीर पर चोटों के निशान थे। उसका आरोप है कि साथ में काम करने वाले दो अन्य युवकों पर पीट-पीटकर उसकी हत्या की है। परिजनों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। कोतवाल अमरजीत सिंह ने बताया कि दिल्ली में मौत हुई है। उन्होंने बताया कि परिजनों की सूचना पर पोस्टमार्टम कराया गया है। अन्य कार्रवाई दिल्ली पुलिस करेगी। भोला तीन भाइयों में छोटा था। वह अविवाहित था।