बेहंदर (हरदोई)। कासिमपुर थाना क्षेत्र के सरेहरी गांव में गुरुवार दोपहर युवक का शव फंदे पर घर के अंदर कमरे में लटका मिला। दरवाजा तोड़कर शव बाहर निकाला गया।
सरेहरी निवासी पंकज सिंह (38) खेती करते थे। उनकी ससुराल उन्नाव जनपद के औरास थाना क्षेत्र के हसनपुर बयारी में है। पत्नी पप्पी बेटे के साथ एक सप्ताह पहले मायके गई थी। बुधवार शाम पंकज गांव में ही एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। वहां से रात में 10 बजे वापस घर आए और कमरे में सोने चले गए।
गुरुवार सुबह 11 बजे तक भी जब वह सोकर नहीं उठे तो परिजनों ने उन्हें आवाज लगाई। कोई जवाब न मिलने पर भाई मनीष सिंह ने दरवाजे पर दस्तक दी। इस पर भी कोई आवाज न आने पर मनीष ने दरवाजा तोड़ दिया। अंदर पंकज का शव फंदे पर लटका मिला। इसकी सूचना पुलिस और पंकज की पत्नी पप्पी को दी गई।
पत्नी बेटे के साथ बिलखते हुए मौके पर पहुंची तो पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। थानाध्यक्ष रामलखन ने बताया कि परिजनों ने घटना को लेकर कोई आरोप नहीं लगाए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।