हरदोई। शहर के मोहल्ला प्रेमनगर में दुष्कर्म के मामले में वर्ष 2019 में जेल से छूटकर आए आरोपी का रविवार की सुबह घर के अंदर कमरे में शव फंदे पर लटका मिला। परिजनों ने शराब के नशे में फांसी लगाकर जान देने की बात कही। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला प्रेमनगर निवासी अवनीश उर्फ कल्लू (28) दुष्कर्म का आरोपी था। वह घर में अकेला रहता था, जबकि अन्य परिजन लोनार कोतवाली क्षेत्र के बरेला गांव में रह रहे हैं।
रविवार की सुबह पड़ोसियों ने अवनीश का शव घर के अंदर कमरे में फंदे पर लटका देखा। पड़ोसियों ने घटना की सूचना पुलिस व परिजनों को दी। सूचना मिलने पर परिजन व पुलिस मौके पर आ गई। परिजनों ने बताया कि अवनीश वर्ष 2017 में दुष्कर्म के मामले में जेल गया था।
बताया कि दो वर्ष बाद 2019 में जमानत पर छूट कर आया था। इसके बाद से वह शराब पीने का लती हो गया था। परिजनों ने शराब के नशे में फांसी लगाकर जान देेने की बात कही।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। इस बाबत कोतवाल दीपक शुक्ला ने बताया कि शराब के नशे में फांसी लगाने की बात सामने आ रही है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।