पाली (हरदोई)। बीती 27 जनवरी से लापता कुरियर कंपनी के कर्मचारी का शव घर से 50 मीटर दूर स्थित तालाब में सोमवार दोपहर को उतराता मिला। युवक सात दिन से लापता था। ग्रामीणों की सूचना पर परिजन मौके पर पहुंच गए। घटना को लेकर फिलहाल परिजनों ने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है।
पाली थाना क्षेत्र के परेली निवासी विवेक अग्निहोत्री उर्फ टिंकू (30) एक कुरियर कंपनी में काम करते थे। पिता चंद्र प्रकाश के मुताबिक 27 जनवरी की सुबह विवेक खेत जाने की बात कहकर घर से निकला था। इसके बाद वापस घर नहीं आया। पाली थाने में गुमशुदगी की रिपोर्ट 29 जनवरी को दर्ज कराई गई।
सोमवार को दोपहर बाद लगभग तीन बजे घर से तकरीबन 50 मीटर दूर तालाब में टिंकू का शव उतराता मिला। शव देखकर ग्रामीणों ने चंद्र प्रकाश को सूचना दी और इसके बाद पुलिस को भी जानकारी दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों और परिजनों की मदद से शव बाहर निकलवाया। शव पुराना हो जाने के कारण काफी गल भी गया था। मृतक दो भाइयों में बड़ा था। परिवार में पत्नी और पांच माह की पुत्री है।
प्रभारी निरीक्षक एके राय ने बताया कि गुमशुदगी का मामला दर्ज है। परिजनों ने कोई आरोप नहीं लगाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
चार माह से मायके में है पत्नी
मृतक विवेक की ससुराल बाराबंकी में है। पांच साल पहले शादी हुई थी। शादी के कुछ दिन बाद ही विवेक का पत्नी शिवांशी से विवाद हो गया था। इसके बाद शिवांशी ने कोर्ट में वाद दायर कर दिया था। तीन साल तक केस चलने के बाद दोनों के बीच सुलह हो गई थी, लेकिन फिर भी पत्नी ज्यादातर मायके में ही रहती है। पिछले चार माह से शिवांशी अपने मायके में ही थी। ग्रामीणों का कहना है कि विवाद के चलते विवेक नशे का आदी भी हो गया था। ग्रामीणों ने आशंका जताई है कि नशे की हालत में तालाब में गिर गया होगा।