फोटो-3- अमित। फाइल फोटो
- देहात कोतवाली क्षेत्र के मुरलीपुरवा का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। देहात कोतवाली क्षेत्र के मुरलीपुरवा में सोमवार की सुबह युवक का शव फंदे पर लटकता मिला। परिजन शव देख कर बिलख पड़े। घटना की वजह पर परिजन चुप्पी साधे रहे।
ग्राम मुरलीपुरवा निवासी अमित (28) मजदूरी करते थे। पिता जगदीश के मुताबिक, अमित की ससुराल बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के खदरी गांव में है। शुक्रवार को अमित पत्नी जूली और बच्चों को ससुराल छोड़ आए थे। सोमवार की सुबह अमित शौच करने की बात कह कर घर से निकले थे। इसके बाद वह देर तक वापस नहीं आए। उत्तर दिशा में गांव के पास से नाला निकला है।
सुबह के समय इसी नाले के पास अमित का शव गूलर के पेड़ पर प्लास्टिक की रस्सी के फंदे से लटका मिला। वहां से निकल रहे ग्रामीणों ने उन्हें पहचान लिया। परिजनों और पुलिस को सूचना दी। फॉरेंसिक टीम ने मौके से नमूने जुटाए। मृतक अमित के परिवार में पत्नी, दो पुत्र रौनक और रितिक हैं। देहात कोतवाल हरिनाथ ने बताया कि शव का पंचनामा भरवाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।