फोटो- 33- मौके पर लगी भीड़। संवाद न्यूज एजेंसी
- फोटो : HARDOI
भरावन (हरदोई)। अतरौली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कौड़िया के मजरा ढेहुआ के निकट गोमती नदी में 25 मवेशियों के शव उतराते मिले। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शवों को दफन करा दिया।
ढेहुआ के ग्रामीणों ने मंगलवार देर शाम गोमती नदी में लोहरा घाट पुल के पास बड़ी संख्या में मृत मवेशी देखे। इसकी सूचना पर बुधवार सुबह ही अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी कुंवर ज्ञानंजय सिंह, एसडीएम संडीला मनोज कुमार श्रीवास्तव, सीओ संडीला अमित किशोर श्रीवास्तव पुलिस बल व ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की मदद से नदी में मृत पड़े मवेशियों को बाहर निकाला गया। अपर पुलिस अधीक्षक के मुताबिक 24 गोवंश और एक बकरी मृत मिली है। इन सभी का पोस्टमार्टम पशु चिकित्सा अधिकारी से कराया गया है। रिपोर्ट मिलने के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट होगा। पड़ोसी जनपद सीतापुर से मवेशी बहकर आने की संभावना है।
मवेशियों के शव निकाले जाने के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। सूचना पर भाजपा के मंडल अध्यक्ष धीरेंद्र सिंह, मंडल महामंत्री सूरज सिंह भी मौके पर पहुंच गए।