शासन से नामित नोडल अधिकारी उप निदेशक उद्यान द्वारा
बीते दिन हरियावां विकास खंड में किए गए समग्र ग्रामों के निरीक्षण से
संतुष्ट नजर नहीं हुए। ग्रामों में राज्य वित्त एवं 13वें वित्त आयोग के
अभिलेख न होने तथा कैश बुक भी अपूर्ण होने पर तीन दिन में अभिलेख तलब किए,
पर अभी तक अभिलेख नहीं दिए गए।
डा. राम मनोहर लोहिया समग्र ग्राम योजना
से चयनित गांवों में होने वाले विकास कार्याें की मानीटरिंग को सरकार ने
मंडल के अफसरों को भी निर्देश दिए हैं। जिसके क्रम में विकास खंड के समग्र
ग्राम लोहकनपुरवा व कोरिगवां का निरीक्षण बीते छह अप्रैल को उप निदेशक
उद्यान वाहिद अली ने किया।
निरीक्षण के दौरान भौतिक विकास कार्यों का भौतिक
निरीक्षण करने के साथ कार्यों की गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखने तथा चल रहे
समस्त निर्माण कार्याें का भी शत प्रतिशत निरीक्षण के निर्देश दिए। पर, उप
निदेशक उद्यान ने जब गांवों का निरीक्षण किया तो दोनों ही समग्र ग्रामों
में प्रगति पुस्तिका पूर्ण नहीं मिली।
ग्राम विकास अधिकारी अजय बाजपेयी
द्वारा राज्य वित्त आयोग तथा ग्राम्य विकास विभाग से भी कोई अभिलेख मुहैया
नहीं कराए। इसके अलावा कैश बुक भी पूर्ण नहीं है।
ऐसे में उप निदेशक उद्यान
ने तीन दिन में ग्राम विकास अधिकारी को अभिलेख मुहैया कराने के निर्देश
दिए थे, पर तीन दिन बीतने के बाद भी अभिलेख नहीं दिए गए। जिसको लेकर उप
निदेशक ने सीडीओ को पत्र भेजकर स्थिति से अवगत कराते हुए स्थलीय सत्यापन
कराने के लिए कहा है।