फोटो- 8- पिहानी चुंगी के पास खाली पड़े प्लाट में लगा कूड़ा ।
- फोटो : HARDOI
हरदोई। संचारी रोग नियंत्रण अभियान चल रहा है। सफाई व्यवस्था पर जोर है लेकिन शहर में जगह-जगह लगे कूड़े के ढेर कुछ और ही तस्वीर दिखा रहे हैं। हाल ये है कि मुख्य मार्गों, खाली प्लाटों में एकत्र कचरे के कारण लोगों को संक्रामक बीमारी का डर सता रहा है।
जिले में कचरा निस्तारण की योजनाएं तो खूब बनीं लेकिन हुआ कुछ नहीं। कूड़े से बिजली बनाने की बात हो या खाद, कोई काम शुरू नहीं हो सका। सरकुलर रोड पर नघेटा पूर्वी में पड़ा कूड़ा जिम्मेदारों को आइना दिखा रहा है।
आवास विकास कालोनी में खाली पड़े प्लाटों में पड़ा कूड़ा इस बात की चुगली कर रहा है कि सफाई व्यवस्था कितनी लचर है। शहर की सबसे वीआईपी कही जाने वाली इस कॉलोनी में एक सांसद व दो विधायकों के आवास व कैंप कार्यालय हैं। इसके बाद ये स्थिति है। वहीं पिहानी चुंगी के पास भी कूड़ा डंप है।
सात साल से कूड़ा निस्तारण प्लांट का इंतजार
कूड़े से खाद बनाने के लिए व निस्तारण के लिए करीब सात वर्ष पहले तत्कालीन डीएम रमेश मिश्रा ने कार्ययोजना बनवाई थी। पहले नीर गांव के पास भूमि देखी गई, वहां कूडा डंप होता रहा फिर सांडी रोड पर भूमि देखी गई। बात नहीं बनी तो फिर इटौली के पास भूमि तय हुई औैर उसके बाद भूमि हस्तांतरण आदि को लेकर मामले में देर होती रही।
एक साल पहले वहां पर कार्य शुरू हुआ। नगर पालिका के ईओ रविशंकर शुक्ला ने बताया कि करीब 45 लाख रुपये से नगर पालिका से कार्य कराए जा रहे हैं। प्लांट की मशीनें आदि संबंधित एजेंसी से लगाई जाएंगी। इसी वर्ष कूड़ा निस्तारण प्लांट के चालू होने की उम्मीद है। ईओ ने कहा कि जिन मोहल्लों से कूड़ा नहीं उठाया जा रहा है, वहां की जानकारी कर संबंधित बीट इंचार्ज व सफाई कर्मचारियों से जवाब तलब करेंगे।