हरदाेई। बघौली थाना क्षेत्र में समरेहटा गांव के पास दो बाइकों की टक्कर में एक डेयरी संचालक की मौत हो गई। उसके साढ़ू का भाई घायल हो गया। वहीं दूसरी बाइक पर सवार लोग मौके से भाग निकले। बाइक सवार हेलमेट नहीं लगाए थे।
शहर कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत मोहल्ला बहरा सौदागर निवासी नाजिर (57) दूध डेयरी चलाते थे। शनिवार की देर शाम वह अपने साढ़ू के भाई मुजफ्फर (45) के साथ बाइक से बघौली थाना क्षेत्र के बुधिया गांव में शादी समारोह में शामिल होने के लिए जा रहे थे। बघौली थाना क्षेत्र में ही समरेहटा गांव के पास विपरीत दिशा से आ रही बाइक से मुजफ्फर की बाइक टकरा गई।
टक्कर लगने से नाजिर और मुजफ्फर सिर के बल सड़क पर जा गिरे। हेलमेट न लगाए होने के कारण सिर में गंभीर चोटें आईं। राहगीरों की सूचना पर दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। जिला अस्पताल में नाजिर को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि मुजफ्फर का इलाज चल रहा है। मृतक के परिवार में एक पुत्र और एक पुत्री है।
शहर कोतवाल संजय पांडेय ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना की तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।