हरदोई। कोहरे की वजह से रेलवे की तरफ से बंद पैसेंजर ट्रेन और एक्सप्रेस ट्रेनों के आंशिक निरस्तीकरण ने जिले के दैनिक यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। नौकरीपेशा, व्यापारी और छात्रों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए भारी जद्दोजहद करनी पड़ रही है। छोटे स्टेशनों के लिए अब ट्रेनें न होने से डग्गामार वाहनों में सफर करना यात्रियों की मजबूरी बन गया है।
कोहरे में ट्रेनें लेट होती हैं, एक्सप्रेस ट्रेनों को अतिरिक्त समय देने और ट्रैक खाली रखने के लिए रेलवे ने पैसेंजर ट्रेनों को निरस्त कर दिया है। स्थानीय स्टेशन से होकर निकलने वाली तीन जोड़ी पैसेंजर ट्रेन निरस्त होने से यात्रियों पर काफी असर पड़ा है। इनमें लखनऊ और शाहजहांपुर के बीच चलने वाली ट्रेन 54337 और 54338 पैसेंजर, लखनऊ और बालामऊ के बीच चलने वाली ट्रेन 54331 और 54332 पैसेंजर और बालामऊ से शाहजहांपुर के बीच चलने वाली ट्रेन 54329 और 54330 को एक दिसंबर से 28 फरवरी 2026 तक के लिए रद्द है। पैसेंजर ट्रेन बंद होने से सबसे बुरा असर लखनऊ, शाहजहांपुर या बरेली रोजाना ड्यूटी करने जाने वालों पर पड़ा है।
इतना ही नहीं मेल और एक्सप्रेस ट्रेनों का संचालन भी आंशिक तौर पर निरस्त हैं। इससे लंबी दूरी के यात्रियों के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर यात्रा करने वालों की मुसीबतें दोगुनी हो गई हैं। मुख्य ट्रेनों में भारी भीड़ के कारण पैर रखने तक की जगह नहीं मिल रही है। एमएसटी धारक मनोज वर्मा, प्रीतम अवस्थी, इरशाद और ज्योति यादव ने बताया कि पैसेंजर ट्रेनें बंद होने से अब प्राइवेट बसों या डग्गामार वाहनों का सहारा लेना पड़ता है, जो न केवल असुरक्षित हैं बल्कि जेब पर भी भारी पड़ रहे हैं।