हरदोई। पढ़ाई में ही नहीं अब कल्चरल टैलेंट वाले परिषदीय विद्यालयों के बच्चों को भी स्कॉलरशिप मिल सकेगी। परिषदीय विद्यालयों के 10 से 14 वर्ष के विद्यालयों के बच्चे ही पात्र होंगे। इसको लेकर राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद ने बीएसए को निर्देश भेज 31 दिसंबर तक आवेदन मांगे हैं।
राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद के भेजे गए पत्र में बताया गया कि इस बार टैलेंट स्कॉलरशिप योजना 2017-18 को शुरू किया गया है। जिसके लिए 10 से 14 वर्ष तक के उन होनहारों को लाभान्वित किया जाएगा। जिसमें कला, संगीत, नृत्य, नाटक, पेंटिंग, शिल्प क्राफ्ट, क्रिएटिव राइटिंग व लिट्रेसी आर्ट में हुनर हो और वह इन विधाओं में कहीं न कहीं अपनी योग्यता सिद्ध भी कर चुके हों।
ऐसे बच्चों के आवेदन 31 दिसंबर तक आवेदन पत्र, फोटोग्राफ, संबंधित प्रमाण पत्र, दस्तावेज व नवीनतम कार्य के नमूनों के साथ सांस्कृतिक स्रोत एवं प्रशिक्षण केंद्र, नई दिल्ली भेजे जाने हैं। बीएसए अधिकारी मसीहुज्जमा सिद्दीकी ने बताया कि सहायक शिक्षा निदेशक डॉ. चंद्रपाल की ओर से इस आशय का पत्र आ चुका है। जिसको लेकर समस्त बीईओ को निर्देशित कर दिया गया है। ऐसे बच्चों की सूची बनाकर उनके आवेदन कराएं जाएंगे।
निर्देशों में यह भी बताया गया कि सभी योग्य बच्चों के आवेदन पत्रों की जांच के बाद केंद्रीय चयन समिति चयनित बच्चों को साक्षात्कार के लिए बुलाएगी। अभिभावकों व गुुरुओं को निर्देशित किया गया है कि जिस वर्ग में छात्र या छात्रा आवेदन कर रहा है उस क्षेत्र में तीन वर्ष का प्रशिक्षण अवश्य हो व उसमें ज्ञान भी रखता हो।
सहायक निदेशक के भेजे गए निर्देशों में बताया गया कि एक संस्था या विद्यालय यदि बहुत से बच्चों को प्रशिक्षण दे रही हैं तो उनके लिए यह निर्देशित किया जा रहा है एक संस्था से सिर्फ तीन बच्चों के ही आवेदनों पर विचार किया जाएगा।
सहायक निदेशक के पत्र में बताया गया कि आवेदन पत्र को केंद्र की वेबसाइट www.ccrtindia.gov.in से भी डाउनलोड किया जा सकता है।