हरदोई। गणेश चतुर्थी से शुरू हुए महोत्सव में पंडालों में सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम मची हुई है। पूजन-अर्चन व भजन संध्या के कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में श्रद्धालु हिस्सा ले रहे हैं। सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भी जिले भर की प्रतिभाएं बढ़-चढ़कर प्रतिभाग कर रही हैं। वहीं, पंडालों में गजानन की आकर्षक झांकियां भी सजी हुई हैं। इसको लेकर भक्त भाव विभोर होकर गजानन की भक्ति में रमे हुए हैं।
हरदोई। श्री विनायक समिति के तत्वावधान में संस्थापक सोमेंद्र अग्रवाल के नेतृत्व में 25वें गणेश उत्सव का प्रारंभ पूजन से हुआ। रात्री 7:30 बजे विधायक माधवेंद्र प्रताप सिंह रानू, राजेंद्र पटेल, महेंद्र पटेल, विमलेश गुप्ता, अजय अग्रवाल, श्रीप्रकाश अग्रवाल, राजेश अग्रवाल, प्रमोद कुमार सिंह और समिति अध्यक्ष पंकज अग्रवाल ने आरती की। बप्पा के जन्मदिवस पर डाॅ. डीपी सिंह ने केक काटा। इसके बाद सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अनुषा त्रिवेदी, वैष्णवी रस्तोगी व शोभित कुमार ने रिद्धि सिद्धि के दाता... ने भजन गाया। साथ ही नृत्य प्रतियोगिताएं हुईं। रविवार सुबह पंडाल में पतंजलि योग शिविर की ओर सुबह 5:30 बजे योग कराया। इसमें तमाम लोगों ने प्रतिभाग किया।
हरदोई। गजानन सेवा समिति द्वारा त्रयोदश गणेश महोत्सव पर रविवार शाम गायन प्रतियोगिता आयोजित हुई। प्राइमरी, जूनियर व सीनियर वर्ग की गायन प्रतियोगिता में बच्चों ने बढ़चढ़कर हिस्सा लिया। प्राइमरी वर्ग में अमोघ व रिचिक, जूनियर वर्ग में परी पाल, अदिति मिश्रा, संकल्प दुबे, हर्षाली अवस्थी व वेदांत और सीनियर वर्ग में सरस्वती, आन्या, सुमित, देवांश, शुभम, संध्या सहित 18 बच्चों ने प्रतिभाग किया। निर्णायक की भूमिका निर्णायक रवि तिवारी और परितोष अवस्थी ने निभाई। संचालन कुलदीप द्विवेदी व पंकज अवस्थी ने किया। सांस्कृतिक टीम से आलोकिता श्रीवास्तव, अभिलाष गुप्ता, सृष्टि मिश्रा, दिव्यांशी व कर्ण सिंह राणा का सहयोग रहा।
हरदोई। श्री सिद्धि विनायक मराठा मंडल के सिनेमा रोड स्थित पंडाल में गणेश पूजन और भजन के साथ भक्तों को प्रसाद का वितरण किया गया। सुबह साढ़े आठ बजे आरती में पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल व मुख्य यजमान झंडेवाला मराठा व मन्नू मराठा ने विधिवत पूजन किया। इस मौके पर सराफा कमेटी अध्यक्ष अनिल महेंद्रा, नीरज कपूर, प्रदीप रस्तोगी, भोला रस्तोगी, निक्की मेहरोत्रा, अर्जुन मेहरोत्रा व अभिषेक रस्तोगी मौजूद रहे।
संडीला। श्री गणेश उत्सव सेवा समिति के तत्वाधान में मां वैष्णो मैरिज हॉल में चल रहे गणेश महोत्सव के कार्यक्रमों में सीनियर नृत्य कला प्रतियोगिता में प्रथम आयशा, द्वितीय मेधावी, तृतीय स्थान पर अंशिका रहीं, ग्रुप डांस में सुपर आईडियल ग्रुप व ड्यूट डांस में करिश्मा व नंदनी ने बाजी मारी। विजयी प्रतिभागियों को समिति द्वारा प्रशस्ति पत्र व मेडल देकर सम्मानित किया गया। रविवार सुबह आरती पूजन के बाद दोपहर में जूनियर सीनियर वर्ग की सुलेख व जूनियर वर्ग की नृत्य प्रतियोगिता आयोजित हुई। वहीं, कस्बे के जय माता दी प्रभात फेरी माता मंदिर परिसर में श्री गणेश उत्सव समिति के द्वारा गणेश महोत्सव में आरती पूजन व भजन का कार्यक्रम हुआ। श्यामधर तिवारी, वेद प्रकाश मिश्रा, अभिषेक त्रिपाठी, राहुल, ऋषभ, सौरभ गुप्ता, पवन तिवारी मौजूद रहे।
शाहाबाद। नगर के सत्संग भवन में आयोजित श्री गणेश महोत्सव में कलाकारों ने श्री राम दरबार व मोर पंखों से सजी श्री राधा कृष्ण की आकर्षक झांकियों से दर्शकों का मन मोह लिया। भगवान शंकर का तांडव नृत्य और गायक कलाकार सत्यम दीवाना के धार्मिक भजनों ने भक्तों को मंत्रमुग्ध कर दिया। आयोजक मंडल के डाॅ. आदेश रस्तोगी, कन्हैया अवस्थी, रिशु ने भक्तों को प्रसाद वितरण किया। उधर, श्री राम वाटिका में आयोजित गणेश महोत्सव में फर्रुखाबाद के पंडित अशोक मिश्रा की टोली ने संगीतमयी सुंदरकांड सुनाया। रमन गुप्ता, अनिल मराठा व रमेश गायकवाड़ मौजूद रहे।
सवायजपुर। कस्बा के नुमाइश मैदान में बने पंडाल में विघ्नहर्ता भगवान गजानन महाराज की प्रतिमा स्थापित की गई। गणपति का भव्य शृंगार कर सामूहिक रूप से उनका पूजन-अर्चन किया गया। आयोजक युवा एकता टीम अध्यक्ष सलिल अवस्थी, संरक्षक राजन सिंह, अनूप अग्निहोत्री, कैप्टन बाबू ने आरती की।
कछौना। श्री सोमेश्वर सेवादार समिति द्वारा नगर के गोल बिल्डिंग के पास हो रहे 13वें गणेश महोत्सव पर शनिवार रात सुंदरकांड पाठ का आयोजन हुआ। इसमें शामिल होकर सैकड़ों भक्तों ने पाठ किया। कार्यक्रम के संस्थापक नेताजी राव मराठा, नगर पंचायत अध्यक्ष पंकज शुक्ला, बबलू गुप्ता व रवि गुप्ता आदि मौजूद रहे।
पिहानी। नगर में सात दिवसीय गणेशोत्सव के तहत बाबा मंशा नाथ सेवा समिति द्वारा मोहल्ला मिश्राना में गणेश प्रतिमा का सुबह पूजन व आरती और शाम को रामायण का पाठ हुआ। अनुज शुक्ला, सोनू अवस्थी, गौरव गुप्ता, कुणाल श्रीवास्तव व शालू शुक्ला ने व्यवस्थाएं देखीं। भारतीय विद्यालय के निकट श्री सिद्धि विनायक समिति के गणेश पंडाल में सुबह पूजन व आरती और शाम को सुंदरकांड का पाठ हुआ। यहां रिशु वैश्य, मोहित, शानू, गुंजन व सूरज रस्तोगी मौजूद रहे।
सांडी। श्री सिद्धि विनायक महोत्सव समिति के तत्वावधान में बाबा कमलेश्वर नाथ महादेव मंदिर सतमठिया में गणेश प्रतिमा की स्थापना आचार्य चंद्रकिशोर त्रिपाठी ने यजमान संजीव राठौर सपत्नीक से विधि विधान से कराई। महोत्सव में प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा मनमोहक झांकियों की प्रस्तुति व धार्मिक नाटकों का मंचन किया गया। समिति के अनुराग कुशवाहा, कपिल गुप्ता, मोनू राठौर, शीबू गुप्ता व डॉ. निरीपेन विश्वास आदि मौजूद रहे।