हरदोई। मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला चिकित्सालय में सीटी स्कैन मशीन शनिवार को भी दुरुस्त नहीं हो पाई। अब मशीन का हार्डवेयर खराब हो गया है। इसे दुरुस्त होने में तकरीबन तीन दिन लगने की संभावना जताई जा रही है। मतलब यह कि अगले तीन दिनों तक सीटी स्कैन जिला अस्पताल में नहीं हो सकेंगे।
जिला चिकित्सालय में पीपीपी मॉडल में सीटी स्कैन मशीन लगी है। यहां मरीजों को निशुल्क सीटी स्कैन की सुविधा दी जाती है। पिछले कुछ दिनों से आए दिन यह मशीन खराब हो जाती है। बीते रविवार को यह मशीन खराब हुई थी और तब काफी मशक्कत के बाद बुधवार शाम मशीन सही हो पाई थी।
शुक्रवार को फिर से मशीन खराब हो गई। इससे शनिवार को भी किसी भी मरीज का सीटी स्कैन नहीं हो सका। सीटी स्कैन विभाग के टेक्नीशियन अंकित यादव के मुताबिक मशीन की मरम्मत होने में लगभग तीन दिन लगेंगे।