धान मिल बेचने के नाम पर करोड़ों ठगे
- कोलकाता के रहने वाले मालिक दंपती समेत तीन पर रिपोर्ट दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
शाहाबाद। मनमोहन इंडस्ट्रीज के नाम से कस्बा स्थित धान मिल बेचने में करोड़ों की ठगी का मामला सामने आया है। पुलिस को दी गई तहरीर में पंजाब के कारोबारी ने इंडस्ट्रीज के मालिक दंपती पर मिल बेचने के नाम पर करोड़ों रुपये की ठगी का आरोप लगाया है। पुलिस रिपोर्ट दर्ज करके मामले की जांच कर रही है।
मनमोहन इंडस्ट्रीज के नाम से कस्बे में धान मिल चल रही हैं। पंजाब के नाभा निवासी रमेश कुमार को पता चला कि मिल बिक रही है। इस पर रमेश शाहाबाद आए और वेद प्रकाश मिश्रा से मिले। वेद प्रकाश ने मिल को अपनी बताकर बिक्री की सारी बात फाइनल कर ली। जानकारी होने पर वह संपत्ति के मालिक कोलकाता निवासी शिफाली घोष और उसके पति गोविंद चंद्र घोष के पास पहुंचे। वहां मिल मालिक दंपती ने खरीद की शर्तें पूरी करते हुए करोड़ों का भुगतान कर दिया। वायदे के मुताबिक हुई लेन-देन के बाद मिल मालिक दंपती मिल के कागजात देने में हीलाहवाली करने लगे। उसने कई बार बातचीत की, इसके बाद भी जब रुपयों की वापसी नहीं हुई तो पुलिस को तहरीर दी।
कोतवाल सुरेश मिश्रा ने बताया कि तहरीर के आधार पर धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की गई है। मामले की जांच की जा रही है।