हड़ताल पर कर्मी, 1100 गांवों की बिजली बाधित
- उपकेंद्रों के कर्मियों व लाइनमैनों ने काम नहीं किया
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। जिले के 350 से अधिक बिजलीकर्मी शनिवार को दूसरे दिन भी हड़ताल पर रहे। उपकेंद्रों पर तैनात कर्मियों से लेकर लाइनमैन तक ने काम नहीं किया। उपभोक्ताओं के फोन रिसीव तो हुए मगर उन्हें राहत नहीं मिली। शनिवार को लाइनों में फॉल्ट हुआ तो बिजली आपूर्ति ठप हो गई। हालात इतने बिगड़े कि दो दिनों में जिले के करीब 1100 गांवों में बिजली बाधित रही। बिजली कर्मी शुक्रवार को शहर के आशा नगर स्थित कार्यालय परिसर में एकत्र होकर नारेबाजी व प्रदर्शन करते रहे। बिजली दफ्तर के कमरों में ताला बंद रहा और कुर्सियां खाली पड़ी रहीं। कई उपकेंद्रों पर भी प्रदर्शन हुआ। हड़ताल से बिगड़ने वाले हालात से निपटने के लिए डीएम एमपी सिंह ने पहले से ही अधिकारियों की ड्यूटी लगा दी थी। लाइनें ठीक कराने के लिए कंट्रोल रूम बना दिया गया था। इसके बाद भी व्यवस्था सुचारू नहीं चल सकी। जानकारी के शाहाबाद, बिलग्राम, मल्लावां, संडीला, पाली सहित कई क्षेत्रों में 1100 से अधिक गांवों में आपूर्ति बाधित रही।
केवल कॉल करते रहे ट्रांसफर
शुक्रवार से लेकर शनिवार की शाम पांच बजे तक कंट्रोल रूम में शिकायतें पहुंचीं। यहां राजस्व विभाग के कर्मचारी उपभोक्ताओं की समस्या सुनने के बाद उसे बिजली अधिकारियों को ट्रांसफर करते रहे। इस दौरान उपभोक्ताओं को केवल फाल्ट सही होने के आश्वासन ही मिलते रहे। शुक्रवार की अपेक्षा शनिवार को हालात अधिक खराब रहे।
कंट्रोल रूम में आ रही शिकायतें साहब! सुबह से ही बिजली नहीं आ रही है, किसी को भेज दीजिए, साहब बहुत दिक्कत है, इन्वर्टर भी बैठ गया है। मोबाइल तक चार्ज नहीं हो पा रहा है। शनिवार दोपहर करीब एक बजे कलक्ट्रेट में बने कंट्रोल रूम का फोन घनघना रहा था। फोन रिसीव करते ही नगर देहात क्षेत्र के लाल पालपुर निवासी अनिरुद्ध ने शिकायत दर्ज कराई। कंट्रोल रूम में इसी तरह की कई शिकायतें देर शाम तक आती रहीं। शाम तक कुल 100 से शिकायतें आईं।
इन्वर्टर व जनरेटर से चलाया काम
शहर के देहात क्षेत्र में लाल पालपुर में बीते दो दिनों से मुख्य लाइन में फॉल्ट आने से बिजली नहीं आ रही हैं। इस फीडर से जुड़े करीब छह गांव प्रभावित हैं। बिजली आपूर्ति बाधित होने से लोग इन्वर्टर व जनरेटर से काम चला रहे हैं।
नगर के तीन फीडर हुए ठप
शाहाबाद प्रतिनिधि के मुताबिक नगर में अख्तियारपुर व तहसील फीडर की बिजली आपूर्ति पूरी तरह से ठप है। अल्हापुर फीडर की आपूर्ति भी जो अभी तक चल रही थी, लेकिन 33 केवीए लाइन में फाल्ट आने से शनिवार को ठप हो गई। इस स्थित की वजह से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एसडीएम धीरेंद्र श्रीवास्तव व सीओ हेमंत उपाध्याय कोतवाल सुरेश कुमार मिश्रा ने बिजली सब स्टेशनों पर भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया। इस्लामगंज फीडर पर मौजूद संविदा कर्मी आशुतोष रस्तोगी अंवेद कुमार, राजेश कुमार व संजय से आपूर्ति बनाए रखने के निर्देश दिए। उधर बिल जमा करने का काउंटर पूरी तरह से बंद रहा। लोकल फाल्ट ठीक करने के लिए कर्मचारी नदारत रहे। उधर बिजली की आपूर्ति ठप हो जाने से लोगों को पानी आदि समस्या से जूझना पड़ रहा है। आटा चक्कियों पर गठरियों के ढेर लगे हुए हैं।
बीईओ ड्यूटी पर नहीं पहुंचे
बिलग्राम प्रतिनिधि के मुताबिक ग्रामीण विद्युत उपकेंद्र पर खंड शिक्षा अधिकारी पवन कुमार सिंह नहीं पहुंचे, जबकि नगरी उपकेंद्र पर नायब तहसीलदार ज्योति वर्मा मौजूद रहीं। हड़ताल के बीच अलग-अलग केंद्रों पर इन ड्यूटी लगी है। इस बीच हरदोई से बिलग्राम के बीच लाइन में हुए फाल्ट को सुधारा नहीं जा सका और बिजली लगातार बाधित रही।