फोटो-28-गौराडांडा में स्थित मेडिकल कॉलेज परिसर। संवाद
- 100 बेड के सीसीयू के निर्माण पर खर्च होंगे लगभग 30 करोड़ रुपये
- हरदोई, सीतापुर और लखीमपुर के मरीजों को राहत मिलने की उम्मीद
संवाद न्यूज एजेंसी
हरदोई। स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतरी को लेकर चल रही कवायद असर दिखाने लगी है। मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल परिसर में ट्रॉमा सेंटर के निर्माण की मंजूरी के बाद गौरा डांडा स्थित परिसर में क्रिटिकल केयर यूनिट के निर्माण का प्रस्ताव भी शासन ने मंजूर कर लिया है।
इसका निर्माण होने से न सिर्फ जनपद बल्कि आस पास के जिलों के मरीजों को भी बेहतर उपचार मिलने की उम्मीद है। सीसीयू 100 बेड की होगी और इसके निर्माण पर लगभग 30 करोड़ रुपये खर्च होंगे।
मेडिकल कॉलेज में स्वास्थ्य सेवाओं में बढ़ोतरी के बाद भी गंभीर मरीजों को लखनऊ या अन्य हायर सेंटर में रेफर किया जाता है। हर माह औसतन 1800 से 2000 मरीजों काे हालत गंभीर होने पर लखनऊ रेफर कर दिया जाता है।रास्ते में ज्यादातर मरीजों की हालत और ज्यादा बिगड़ जाती है। गंभीर मरीजों को जिले में ही उपचार दिलाने की कोशिश जिम्मेदार कर रहे थे।
राहत भरी खबर यह है कि मेडिकल कॉलेज के गौराडांडा स्थित परिसर में सौ बेड की क्रिटिकल केयर यूनिट का निर्माण कराए जाने का प्रस्ताव मंजूर किया गया है। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. जेबिन विष्णु गोगोई ने क्रिटिकल केयर यूनिट के निर्माण का प्रस्ताव मंजूर हो जाने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि निर्माण कार्य पर लगभग 30 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। निर्माण कार्य के लिए भूमि का चयन किया जा चुका है। निर्माण होने से हरदोई के साथ ही सीतापुर और लखीमपुर के मरीजों को राहत मिलने की उम्मीद है।