हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र के देविनपुरवा में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। कमरे में मौजूद उसके दोस्त को भी गोली लगी है। उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मृतक की मां की तहरीर पर उसी के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज हुई है। पुलिस को आशंका है कि शराब के नशे में झगड़े के दौरान दोनों ने एक-दूसरे पर गोली चलाई होगी। दोनों दूर के रिश्तेदार भी बताए जा रहे हैं। पुलिस मकान में रहने वाले दूसरे किरायेदार को भी हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
मोहल्ला देविनपुरवा में मदन गुप्ता के मकान में सुरसा थाना क्षेत्र के ग्राम फतियापुर का दिव्यांशु पांडे (22) किराये पर रहता है। इसी मोहल्ले का आकाश उर्फ कालू शुक्ला (21) पुत्र रामबाबू शुक्ला सोमवार रात अपने दोस्त दिव्यांशु पांडे के पास गया था। पहले दोनों एक निजी कंपनी में साथ ही काम करते थे। इसके बाद दिव्यांशु दवा प्रतिनिधि हो गया। आकाश बेरोजगार था। रात करीब 1:30 बजे कमरे में गोली चली। पड़ोस के लोग मौके पर पहुंचे तो आकाश मृत पड़ा था। दिव्यांशु घायलावस्था में कमरे के बाहर चीख रहा था। उसने बताया कि किसी ने दरवाजे के पास से उन लोगों को गोली मारी है। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
सूचना पर एएसपी पूर्वी ज्ञानंजय सिंह मौके पर पहुंचे। कमरे में आकाश का शव तख्त के पास फर्श पर पड़ा था। उसकी जांघ में गोली लगी थी। पूरे कमरे में खून फैला था। पुलिस के मुताबिक खून ज्यादा बह जाने से ही आकाश की मौत हुई। खिड़की पर भी खून के छींटे थे। कमरे में शराब की बोतल व सूखी रोटी मिली है। फिल्ड यूनिट ने नमूने लिए हैं लेकिन कमरे में तमंचा नहीं मिला है। इससे पुलिस अभी किसी नतीजे पर नहीं पहुंच पाई है।
शहर कोतवाल भगवान सिंह ने बताया कि मृतक की मां सावित्री शुक्ला की तहरीर पर दिव्यांशु पांडे के विरुद्ध हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। दिव्यांशु के स्वास्थ्य में सुधार होने पर उससे पूछताछ की जाएगी। आशंका है कि शराब पीने के बाद दोनों में विवाद हुआ होगा। मामले को घुमाने के लिए दिव्यांशु चीख रहा था।
शराब पीने के बाद दोनों में विवाद होने की आशंका
हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र के देविनपुरवा में सोमवार देर रात गोली मार कर युवक की हत्या और हत्यारोपी के घायल होने के मामलें में पुलिस अभी किसी नतीजे पर नहीं पहुंची है। घायल का कहना है कि किसी ने दरवाजे से गोली मार दी, जबकि पुलिस को आशंका है कि शराब पीने के बाद दोनों में विवाद हुआ। इस दौरान गोली चली। लेकिन कमरे में तमंचा नहीं मिलना सवाल खड़े कर रहा है।
घटना की जांच के दौरान पुलिस को पता चला है कि जिस कमरे में आकाश शुक्ला की हत्या हुई, वहां घटना से पहले शराब पी गई थी। तीन माह पहले आकाश ने दिव्यांशु को अपने घर के पास ही खाली पड़े मकान में कमरा किराये पर दिलाया था। सूत्र बताते हैं कि आए दिन दिव्यांशु और आकाश उक्त कमरे में रहते थे। रात होते ही यहां कई अन्य युवक भी आ जाते थे। पड़ोसियों की मानें तो घर में रोज रात में शराब पी जाती थी। पुलिस को घटना के बाद घर के बाहर से शराब की बोतल भी मिली है। बताया जाता है कि आकाश और दिव्यांशु खाना साथ में ही खाते थे। सोमवार रात आकाश और दिव्यांशु ने साथ बैठकर शराब पी। इसके बाद आकाश अपने घर से दिव्यांशु और अपने लिए खाना लेने गया था। बताया जाता है कि आकाश सिर्फ रोटियां लेकर ही आया था। इसी को लेकर दोनों के बीच तकरार हो गई। विवाद बढ़ने पर ही घटना होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस को जांच में यह भी पता चला है कि दिव्यांशु और आकाश आपस में दूर के रिश्तेदार भी हैं। घर में एक और कमरा भी किराये पर उठा है। इसमें रहने वाले युवक को भी पुलिस ने पूछताछ के लिए हिरासत में लिया है।
घटना को घुमाने के लिए उड़ाई अफवाह
हरदोई। घटना को लेकर पुलिस के अधिकारियों ने गोली लगने से घायल हुए दिव्यांशु पांडे से काफी देर तक पूछताछ की। पूछताछ के दौरान पुलिस को जो कुछ भी पता चला उससे यह साफ है कि हत्या की घटना को मोड देने के लिए घर के अंदर घुसकर किसी ने गोली मार दी की अफवाह उड़ाई गई। मृतक की मां की तहरीर मिलने के बाद पुलिस भी यही मान रही है कि घटना को घायल हुए दिव्यांशु ने ही अंजाम दिया है। यह बात और है कि औपचारिक तौर पर पुलिस कुछ भी कहने से बच रही है।
बरामद नहीं हुआ तमंचा
हरदोई। अपर पुलिस अधीक्षक, सीओ सिटी और शहर कोतवाल की निगरानी में पुलिस बल ने काफी देर तक कमरे और पूरे मकान की तलाशी ली। घर के बाहर की नालियां भी देखीं गईं। बावजूद इसके घटना में इस्तेमाल किए गए असलहे का कोई पता नहीं चला। शहर कोतवाल भगवान सिंह की मानें तो घायल दिव्यांशु के स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद तमंचा भी बरामद हो जाएगा।
ज्यादा खून बहने से गई आकाश की जान
हरदोई। आकाश की जांघ में गोली लगी थी। गोली लगने के बाद काफी देर तक वह कमरे में ही पड़ा रहा। इसके कारण खून ज्यादा बह गया। यही आकाश की मौत का कारण भी बना। दरअसल जब दिव्यांशु कमरे से चिल्लाता हुआ भागा तो लोग पहले उसकी यही बात सही मानते रहे कि दरवाजा खोलकर किसी ने गोली मार दी। तब तक लोगों को यह भी एहसास नहीं था कि आकाश के भी गोली लगी है। जब दिव्यांशु को अस्पताल पहुंचा दिया गया, तब लोगों को पता चला कि आकाश भी अंदर है। जब तक लोग अंदर पहुंचे तब तक आकाश दम तोड़ चुका था। कमरे में हर जगह खून बिखरा हुआ था। यहां तक कि दीवारों और खिड़कियों तक पर खून के छीटे पड़े हुए थे। घर के आंगन और बाहर की नालियों तक में खून बहने लगा था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी अधिक खून बहने के कारण मौत हो जाने की बात विश्वस्त सूत्रों से पता चली है।
फिल्ड यूनिट ने भरे नमूने
हरदोई। मंगलवार सुबह फिल्ड यूनिट भी घटना स्थल पर पहुंची। पीएस वर्मा के नेतृत्व में टीम ने मौके के फिंगर प्रिंट लेने के साथ ही खून का नमूना भी भरा।
इसकी भी जांच कर रही पुलिस
हरदोई। पुलिस घटना को लेकर यह भी जांच कर रही है कि कमरे में रात में और कौन-कौन था। पुलिस को यह जानकारी मिली है कि कमरे में अक्सर शाम को आकाश और दिव्यांशु के दोस्तों का जमावड़ा लगता था। इसी के चलते पुलिस को यह भी शक है कि अन्य युवक भी घटनास्थल पर मौजूद रहे होंगे, जो घटना के बाद फरार हो गए।