हरपालपुर। अरवल थाना क्षेत्र के मंसूरपुर गांव में गंगा नदी से बालू खनन को लेकर शनिवार को दो पक्षों में विवाद हो गया, मारपीट के बाद फायरिंग भी हुई। पुलिस ने छ: लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
अरवल थाना क्षेत्र के मंसूरपुर गांव मे गंगा नदी मे लंबे समय से खनन माफिया बालू खनन का कर रहे हैं । शनिवार की दोपहर परशुराम (32) पुत्र सुंदर निवासी लालपुर नदी से बालू खनन कर रहा था।
इसी बीच वहां पहुंचे गांव निवासी पूर्व प्रमुख राधाकृष्ण मिश्र उर्फ लाल ने एक ट्रॉली बालू देने को कहा। परशुराम ने मना किया तो विवाद और मारपीट हो गई। इसके बाद पूर्व प्रमुख पक्ष की ओर से फायरिंग शुरू हो गई।
गोली परशुराम के हाथ में जा लगी। जिससे परशुराम घायल हो गया। परशुराम ने आरोपियों से एक लाइसेंसी बंदूक छीन ली। परशुराम ने बंदूक पुलिस को सौंप दी और आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी।
तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने अनिल, रज्जन, गिरीश, अतुल समेत छ: लोगों के खिलाफ जानलेवा हमले की रिपोर्ट दर्ज की है।
परशुराम का सीएचसी में इलाज चल रहा है। क्षेत्राधिकारी पीके सिंह ने बताया कि छ: लोगो के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। घायल को डाक्टरी परिक्षण के लिए भेजा गया है।