हत्यारों के बारे में जानकारी देते थानाध्यक्ष
- फोटो : अमर उजाला
ढाई माह पूर्व कासिमपुर थाना क्षेत्र में युवक की हत्या कर शव नहर में फेंके जाने की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। आरोपी ने पत्नी से अवैध संबंधों के कारण युवक की हत्या करने की बात स्वीकार की है। वारदात में साथ देने वाले उसके साले और साथी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। तीनों को रविवार शाम जेल भेज दिया गया।
कासिमपुर थाना क्षेत्र के ज्ञानखेड़ा मजरा कलरावा निवासी वसीम 4 मार्च 2018 को संदिग्ध हालात में लापता हो गया था। सात मार्च 2018 को कासिमपुर के निकट नहर में उसका शव बरामद हुआ था। वसीम के चचेरे भाई जमील पुत्र बाले निवासी ज्ञानखेड़ा ने अज्ञात के विरुद्ध हत्या कर शव फेंके जाने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। पोस्टमार्टम में सिर पर भारी वस्तु से प्रहार कर हत्या किए जाने की पुष्टि हुई थी। एसपी विपिन कुमार मिश्र के निर्देश पर थानाध्यक्ष अमित सिंह भदौरिया टीम के साथ घटना के खुलासे के लिए दबिश दे रहे थे। थानाध्यक्ष अमित सिंह भदौरिया ने बताया कि वसीम की हत्या कासिमपुर थाना क्षेत्र के ग्राम ज्ञानखेड़ा निवासी उस्मान उर्फ वसी पुत्र छुटकन ने अपने साले अशरफ पुत्र सिरदार और उसके दोस्त आजाद पुत्र गुलजार निवासी रसूलपुर खरिका थाना कासिमपुर के साथ मिलकर की थी। थानाध्यक्ष ने बताया कि वसीम के अवैध संबंध उस्मान की पत्नी के साथ थे। दो मार्च को उस्मान ने पत्नी और वसीम को आपत्तिजनक स्थिति में देख लिया था। इसके चलते ही हत्या का षड्यंत्र रचा। थानाध्यक्ष अमित सिंह भदौरिया ने बताया कि रविवार सुबह साढ़े नौ बजे तीनों आरोपियों को करलावां पुलिया के पास से गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों ने बताया कि चार मार्च को वसीम के सिर पर डंडों से वार कर उसकी हत्या करने के बाद शव नहर में फेंक दिया था। घटना का खुलासा करने वाली टीम में उपनिरीक्षक जितेंद्र सिंह, आरक्षी रामकृष्ण द्विवेदी, ज्ञानेंद्र शुक्ला, पुरुषोत्तम, रमेश सिंह, दीपक आदि शामिल रहे।