बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कोरोकलां निवासी एक युवक का शव मंगलवार रात हरदोई-लखनऊ रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। उसके पिता ने लूटपाट के बाद ट्रेन से धक्का देकर गिराने की आशंका जताई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के कोरोकलां निवासी पवन (21) पुत्र रामविलास सोमवार को एक प्राइवेट कंपनी में इंटरव्यू देने फैजाबाद गया था। मंगलवार रात फैजाबाद से निकलने की सूचना उसने परिजनों को दी थी। रात लगभग दो बजे उसका शव हरदोई-लखनऊ रेलवे ट्रैक पर बघौली के निकट पड़ा मिला। बघौली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। थानाध्यक्ष अतुल श्रीवास्तव ने उसकी तलाशी कराई तो पास में फोन टूटा मिला। सिम सुरक्षित होने पर परिजनों को सूचना दी गई। परिजनाें के पहुंचने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम हाउस पर मौजूद पिता रामविलास ने बताया कि पवन के पास 14 हजार रुपये थे और उसकी जेब में पर्स भी था। न तो रुपये मिले हैं और न पर्स। आशंका है कि किसी ने उसे लूटकर ट्रेन से धक्का दे दिया। बघौली थानाध्यक्ष ने बताया कि तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
10 माह में ही छिन गया सुहाग
पवन तीन भाइयों में सबसे छोटा था। बड़े भाई रामसुत और रामजीत गांव में ही अलग-अलग कार्य करते हैं। पवन पढ़ने में होशियार था और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। 10 माह पूर्व उसकी शादी उन्नाव जनपद के बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत धुड़कुली निवासी पूजा के साथ हुई थी। पवन की मौत की खबर सुनकर पूजा गश खाकर बेहोश हो गई।