हरदोई। कोतवाली देहात क्षेत्र के ग्राम गुलामऊ खुमारीपुर से लापता छात्र सुमित की हत्या बाग में आम तोड़ने के विवाद में की गई थी। इसका खुलासा करते हुए पुलिस अधीक्षक उमेश कुमार सिंह ने बताया कि घटना में शामिल दो नाबालिग समेत तीन को गिरफ्तार कर लिया गया है।
कोतवाली देहात क्षेत्र के गुलामऊ निवासी शैलेंद्र का पुत्र सुमित (11) परिषदीय विद्यालय में कक्षा पांच का छात्र था वह 21 अप्रैल की शाम तीन बजे से लापता था। परिजनों ने 22 अप्रैल को कोतवाली में गुमशुदगी दर्ज कराई थी। 23 अप्रैल को उसका शव स्कूल के पीछे कुछ दूरी पर यूकेलिप्टिस के पेड़ों के नीचे लगे पुआल में दबा मिला था।
मुकदमा हत्या में तरमीम कर घटना के खुलासा के लिए पुलिस अधीक्षक ने एएसपी पूर्वी बीसी दुबे के नेतृत्व में टीम गठित कर छानबीन शुरू की। मंगलवार की रात कोतवाल परशुराम कुशवाह ने टीम के साथ कौढ़ा रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी कर 15 साल के किशोर, बब्लू उर्फ बोना (25) और 17 साल के किशोर को गिरफ्तार कर कड़ाई से पूछतांछ की तो उन्होंने सुमित की हत्या करने की बात स्वीकार की।
बुधवार को पुलिस अधीक्षक ने घटना का खुलासा किया। 15 वर्षीय किशोर ने बताया कि सुमित ने उसके बाग से आम तोड़े थे इसी बात को लेकर उसका सुमित से विवाद हुआ था। इसी रंजिश को लेकर उसने सुमित को घर से बुलाकर साथियों के साथ गला दबा कर हत्या कर शव झाड़ियों में छिपा दिया था।