भरावन। अतरौली थानाक्षेत्र के तेरवा गांव में हुए दोहरे हत्याकांड में पुलिस ने दो और आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। एक आरोपी पहले ही जेल भेजा जा चुका है। दोनों हत्याओं में आठ लोग नामजद हैं। गांव में एहतियातन पुलिस और पीएसी तैनात है।
अतरौली थाना क्षेत्र छावन गांव के मजरा तेरवा में 13 मई को मेड़ के विवाद में पूर्व प्रधान सुशील यादव की हत्या कर दी गई थी। कुछ देर बाद पूर्व प्रधान पक्ष के लोगों ने दूसरे पक्ष के लोगों ने देशराज को गोली मार दी थी। दूसरे दिन देशराज ने ट्रामा सेंटर लखनऊ में दम तोड़ दिया था।
दोहरे हत्याकांड से गांव में तनाव व्याप्त हो गया था। इसके चलते पीएसी और पुलिस अभी भी गांव में कैंप किए है। पूर्व प्रधान के भाई लालबाबू ने रामपाल, उसके बेटे विक्रम, राजेंद्र, सुनील, सर्वेश, कपिल, वेदप्रकाश व सुधीर और देशराज के बेटे रोहित ने लालबाबू, योगेंद्र, प्रकाश, विनय, कल्लू, जयंती, विनोद व संदीप को हत्या में नामजद कराया है।
पुलिस ने 13 मई को आरोपी विक्रम को गिरफ्तार कर लिया था। पुलिस ने सोमवार सुबह मिश्राखेड़ा पुलिया पर सर्वेश और वेदप्रकाश को गिरफ्तार कर लिया। एसओ श्यामबाबू शुक्ल ने बताया कि दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। बताया कि गांव में हालात अब सामान्य हो गए हैं। एहतियातन पुलिस और पीएसी तैनात है।